बता दें कि पंजाब पुलिस ने वारिस पंजाब दे संगठन के मुखिया अमृतपाल सिंह उसके साथियों पर पहली बार 18 मार्च को कार्रवाई की थी। हालांकि उस दौरान अमृतपाल पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा था। बाद में अमृतपाल सिंह अपनी लोकेशन लगातार बदलने लगा था। इसी क्रम में उसकी हाईवे से एक तस्वीर सामने आई थी जिसमें उसके साथ एक अन्य पगड़ीधारी शख्स नजर आ रहा था। बाद में जानकारी सामने आई कि यह शख्स कोई और नहीं बल्कि अमृतपाल सिंह का राइटहैंड पपलप्रीत सिंह हैं। बताया जाता है कि अमृतपाल उसे अपना मेंटर मानता है और वह उसका मेन हैंडलर भी है।
पपलप्रीत का आईएसआई से संपर्क

सिर्फ इतना ही नहीं, अमृतपाल सिंह आईएसआई के भी संपर्क में रहा है। वह आईएसआई की मदद से पंजाब में खालिस्तान का माहौल बनाने और यहां पर आतंकवाद फैलाने की साजिश में जुटा हुआ है। जानकारी के मुताबिक वह पहले शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) का सदस्य भी रह चुका है, हालांकि बाद में उसने पार्टी छोड़ दी थी। यह मामला साल 2017 का है। उसके ऊपर पहले से ही देशद्रोह के मामले दर्ज हैं। उसे पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
गौरतलब है कि वारिस पंजाब दे के मुखिया अमृतपाल सिंह की तलाश में पंजाब पुलिस काफी समय से जुटी हुई है। हालांकि अभी तक इस मामले में सफलता हाथ नहीं लग सकी है। पपलप्रीत की गिरफ्तारी के बाद अमृतपाल की गिरफ्तारी की संभावनाएं काफी ज्यादा बढ़ गई हैं। बता दें कि बीते कुछ दिनों में अमृतपाल के कई वीडियोज सामने आए हैं। इसमें वह अलग-अलग गेटअप में दिख रहा है।(एएमएपी)



