संसद के बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी से हो सकती है। बजट सत्र की शुरुआत लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक से होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक साथ दोनों सदनों को संबोधित करेंगी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को वित्त वर्ष 2023-24 को केंद्रीय बजट संसद में पेश करेंगी।जानकारी के मुताबिक संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। संसद का बजट सत्र दो चरणों में आहूत होगा। बजट सत्र के पहले चरण का 31 जनवरी से 10 फरवरी तक चलने की उम्मीद है, जबकि दूसरा चरण 6 मार्च से शुरू होकर 6 अप्रैल तक चलेगा। राष्ट्रपति के संसद को संबोधित करने के बाद आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को वित्त वर्ष 2023-24 का केंद्रीय बजट संसद में पेश करेंगी। दरअसल यह मोदी 2.0 सरकार और निर्मला सीतारमण का पांचवां बजट होगा, जबकि अप्रैल-मई 2024 में होने वाले आम चुनाव से पहले यह सरकार का आखिरी पूर्ण बजट होगा।

धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देंगे पीएम

बजट सत्र के पहले भाग में दोनों सदनों में राष्ट्रपति के संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके बाद केंद्रीय बजट पर चर्चा शुरू होगी। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देंगे। वहीं, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट पर होने वाली बहस का भी जवाब देंगी।

बजट में क्या हो सकता है नया, एक नजर में समझें

  • बजट में सरकार नए क्षेत्रों के लिए प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव यानी पीएलआई स्कीम का ऐलान कर सकती है।
  • एक जिला एक प्रोडक्ट स्कीम को बढ़ावा देने के लिए नए ऐलान होने की उम्मीद है. जिससे भारत में एक्सपोर्ट हब तैयार हो सके, साथ ही नई नौकरियां पैदा की जाएं।
  • मोदी सरकार बजट में भूमि अधिग्रहण से जुड़ी रुकावटों को भी हटा सकती है।
  • सरकार बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार और न्यायिक सुधारों का भी ऐलान कर सकती है।
  • सरकार ने साल 2025 तक स्वास्थ्य पर जीडीपी का 2.5 फीसदी खर्च करना का टारगेट रखा है।

बता दें कि नए संसद भवन का काम सेंट्रल विस्टा डेवलपमेंट के हिस्से के रूप में किया जा रहा है। संसद के निर्माण में शामिल लोगों को भरोसा है कि बजट सत्र का दूसरा भाग नए संसद भवन में आयोजित किया जा सकता है। पिछले सत्र के दौरान लोकसभा में नौ बिल पेश किए गए और सात बिल संसद के निचले सदन द्वारा पारित किए गए। राज्यसभा ने नौ विधेयक पारित किए और सत्र के दौरान संसद के दोनों सदनों द्वारा पारित विधेयकों की कुल संख्या नौ थी। (एएमएपी)