देश के सबसे ठंडे शहरों में मध्य प्रदेश का नौगांव दूसरे स्थान पर।

भोपाल मौसम केन्द्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान शहडोल संभाग के जिलों में काफी गिरा। शेष संभाग के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान सागर संभाग में सामान्य से विशेष रूप से कम, ग्वालियर एवं भोपाल संभाग में सामान्य से काफी कम रहा। उज्जैन, रीवा और शहडोल संभाग में सामान्य से कम एवं शेष संभाग के जिलों में सामान्य रहा।
भोपाल मौसम केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पिछले चार दिनों से उत्तर भारत की तरफ से लगातार सर्द हवाएं आ रही हैं। इस वजह से मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ती जा रही है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली के असर से शनिवार से उत्तर भारत के पहाड़ों पर एक बार फिर बर्फबारी शुरू होने की संभावना है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार से हवाओं का रुख भी बदलने लगेगा। इससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना भी है।
देश के सबसे कम तापमान वाले शहर
शुक्रवार को देश में सबसे कम तापमान राजस्थान का बीकानेर शहर में शून्य डिग्री रहा, जबकि नौगांव 0.2 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। राजस्थान के चुरू में चुरू 1.0, मप्र के दतिया 2.5, खजुराहो 2.6, गुना 3.0, फुरसतगंज 3.5, जयपुर 3.6, कोटा 3.6 और जम्मू में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं, देश के सबसे कम अधिकतम तापमान वाले शहरों में करनाल 9.0 पहले स्थान पर, अंबाला 9.4 दूसरे, जम्मू 9.9 तीसरे, पटियाला 10.7 चौथे, अमृतसर 10.8 पांचवें, खजुराहो 11.4 छठवें, चंडीगढ़ 11.6 सातवें, मेरठ 11.8 आठवें, लुधियाना 11.8 नौंवे और बरेली 11.8 डिग्री तापमान के साथ दसवें स्थान पर रहा।(एएमएपी)



