राष्ट्रपति ने कहा- भारत के प्रति विश्व का बदल रहा नजरिया।
किसानों को दिलाया सम्मान
राष्ट्रपति ने अपने भाषण में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का जिक्र किया, जिसमें किसानों के लिए चलाये जा रहे फसल बीमा योजना का जिक्र उन्होंने प्रमुखता से किया। साथ ही एमएसपी बढ़ाये जाने का उल्लेख भी राष्ट्रपति के भाषण में हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि हमें ऐसा भारत बनाना है जो आत्मनिर्भर हो और जो अपने मानवीय दायित्वों को पूरा करने में समर्थ हो। किसानों को हर महीने दो हजार की सहायता सरकार दे रही है, जिससे उन्हें आर्थिक मदद मिल रही है। इस योजना का लाभ भी बड़ी संख्या में महिलाएं ले रही हैं।
गरीबों के लिए सरकार ने पेश की कई योजना
द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मेरी सरकार में इस बात की व्यवस्था की गयी है कि कोई गरीब भूखे पेट ना सोये। इस उद्देश्य की पूर्ति के सरकार ने कोरोना काल में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की शुरुआत की, जिसमें परिस्थितियों के अनुसार परिवर्तन कर सरकार ने आगे भी जारी रखने का निर्णय किया है। साथ ही गरीबों को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए मेरी सरकार ने गरीबों का आयुष्मान कार्ड बनवाया।
महिला सशक्तीकरण सरकार की बड़ी उपलब्धि
द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मेरी सरकार ने महिला सशक्तीकरण के लिए मेरी सरकार ने ठोस प्रयास किये हैं। उन्हें अधिकार दिलाया है और उनकी शिक्षा की उचित व्यवस्था करवाई है। भारत की नारी को समान अवसर दिलाने के लिए सरकार ने हर सेक्टर में महिलाओं को प्रवेश की अनुमति दी है और कहीं भी प्रतिबंधित नहीं किया है। बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ नारे को सरकार ने बखूबी लागू किया है। आयुष्मान कार्ड की लाभार्थी भी 50 प्रतिशत महिलाएं ही हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी सरकार ने भरपूर सहयोग दिया है ताकि गरीब महिलाएं खुद सशक्त हो सकें। इन्हें सरकार सस्ते दर पर ऋण उपलब्ध कराती है। सुकन्या योजना और स्कूलों में सेनेटरी पैड की योजना से बालिकाओं को फायदा हुआ है और स्कूलों में ड्राॅप आउट कम हुआ है।
आदिवासियों और ओबीसी का कल्याण सरकार की प्राथमिकता
आदिवासियों के कल्याण के लिए भी मेरी सरकार प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए योजनाएं चला रही है। एकलव्य विद्यालयों से आदिवासी बच्चे शिक्षित हो रहे हैं। हमारी सरकार का उद्देश्य हर वर्ग का बिना भेदभाव के विकास करना है। अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार सदैव तत्पर है और उनमें आत्मविश्वास का भाव जागृत किया है।
भारत के प्रति बदला विश्व का नजरिया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि अमृत काल की 25 साल की अवधि आजादी का स्वर्णिम काल और विकसित भारत के निर्माण का समय है। आज सबसे बड़ा बदलाव यह हुआ है कि हर भारतीय का आत्मविश्वास शीर्ष पर है एवं भारत के प्रति विश्व का नजरिया बदला है।
भ्रष्टाचार पर सरकार ने किया काबू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भ्रष्टाचार पर काबू पाने के लिए मेरी सरकार ने उचित और प्रभावी व्यवस्था की है, जिसकी वजह से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में हम सफल हो रहे हैं। पहले आयकर रिफंड के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था, लेकिन आज परिस्थिति बदल चुकी है। अब आप आयकर रिटर्न दाखिल करें कुछ ही दिनों में आपको रिफंड मिल जायेगा।
रिन्यूएबल एनर्जी पर फोकस
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि हमारी सरकार को पर्यावरण की चिंता है। यही वजह है कि सरकार ने हाइड्रोजन मिशन को लांन्च किया है। ई-व्हीकल को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही सौर ऊर्जा को भी बढ़ाया जा रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने यह सोच बदल दी है कि प्रगति और प्रकृति एक साथ नहीं चल सकते, सरकार ‘हरित विकास’ पर ध्यान केंद्रित कर रही है
दुर्गम इलाकों में भी रेलवे की पहुंच
भारतीय रेलवे तेजी से दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक रेलवे नेटवर्क बनने की ओर अग्रसर है। दुर्गम इलाकों में भी रेलवे की पहुंच बनी है, जबकि सरकार नदियों के जरिये भी आवागमन के रास्ते ढूंढ़ रही है।

शांति तभी संभव है, जब आप राजनीतिक और सैन्य रूप से सक्षम होंगे
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि शांति तभी संभव है, जब आप राजनीतिक और सैन्य रूप से सक्षम होंगे, इसलिए भारत अपनी सैन्य शक्ति को भी आधुनिक करने पर जोर दे रहा है। पूरी दुनिया इस वक्त भारत की ओर उम्मीद से देख रही है। भारत का लोकतंत्र हमेशा से समृद्ध था। एक राष्ट्र के रूप में भारत की पहचान अमर थी, अमर है और आगे भी अमर रहेगी। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम मुश्किल लक्ष्य रखें और उन्हें हासिल कर के दिखाएं। जो पूरी दुनिया के देश करने की सोच रहे हैं, उसे हम भारतवासी पहले कर के दिखाएं। आइए अपने लोकतंत्र को समृद्ध करते हुए हम अपने संकल्पों पूरा करें।
भारत ने आतंकवाद को लेकर कड़क रुख अपनाया
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि अफगानिस्तान और यूक्रेन जैसे देशों में संकट में फंसे अपने नागरिकों को वापस लेकर आए हैं। भारत ने आतंकवाद को लेकर जो कड़क रुख अपनाया है, उसे भी आज दुनिया समझ रही है। इसलिए आतंक के विरोध में भारत की आवाज को हर मंच से गंभीरता से सुना जा रहा है। यूएन में भी भारत ने आतंकवाद पर अपनी भूमिका को स्पष्ट किया है। साइबर सुरक्षा की चिंताओं को भी सरकार पूरी दुनिया के सामने रख रही है।
देश में स्टार्टअप की संख्या 90 हजार के पार हो गई
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सुगम्य योजना से भारत के दिव्यांगों को लाभ हुआ है। भारत में सरकार की योजनाओं का असर वृहद हुआ है। आज युवा इनोवेशन में ताकत दिखा रहे हैं। देश में स्टार्टअप की संख्या 90 हजार के पार हो गई है। अग्निवीर योजना से भी युवाओं को फायदा होगा। सरकार ने 2014 से 2022 तक 60 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज खोले हैं। 2014 के बाद से छात्रों के लिए ग्रैजुएट और पोस्ट ग्रैजुएट सीटें दोगुनी हो चुकी हैं। देश में इस दौरान पांच हजार से ज्यादा खोले गए हैं। इसी प्रकार फिजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर के कई रिकॉर्ड बने हैं। पीएम ग्राम सड़क योजना में नौ वर्षों में सड़कों का नेटवर्क दोगुना हो गया। देश की 99 प्रतिशत बस्तियां सड़क मार्ग से जुड़ चुकी हैं।
आज भारत अपनी पुरातन विधाओं को पूरी दुनिया में पहुंचा रहा
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आज अंडमान निकोबार में हमने सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज को सम्मान दिया था। हाल ही में मेरी सरकार ने नेताजी पर भव्य म्यूजियम का उद्घाटन भी किया है। परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर अंडमान के द्वीपों का नामकरण भी किया है। आज हमारी नौसेना को भी छत्रपति शिवाजी महाराज का प्रतीक दिया गया है। अब देश में आधुनिक संसद भवन भी बन रहा है। एक तरफ हम आदि शंकराचार्य, भगवान बसवेश्वर, गुरुनानक देव जी के दिखाए रास्तों पर बढ़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ भारत टेक्नोलॉजी का हब भी बनता जा रहा है। आज भारत अपनी पुरातन विधाओं को पूरी दुनिया में पहुंचा रहा है, तो वहीं फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड बन कर दुनिया की मदद भी कर रहा है। (एएमएपी)



