कर्नाटक विधानसभा चुनावों के ऐलान के पहले लगभग महीने भर के भीतर भाजपा पूरे राज्य को मथने की तैयारी में है। उसके इस अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर पार्टी के प्रमुख केंद्रीय नेता भी शामिल होंगे। इनमें एक मार्च से शुरू होने वाली चार विजय संकल्प रथ यात्राएं भी शामिल हैं। यह यात्राएं राज्य के चारों दिशाओं से निकाली जाएंगी। इनको पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अलग अलग जगह से हरी झंडी दिखाएंगे।
भाजपा के दक्षिण में राजनीतिक प्रवेश द्वार कर्नाटक का काफी ज्यादा राजनीतिक महत्व है। पूरे दक्षिण में एक मात्र यही राज्य है जहां भाजपा ताकतवर है और सत्ता में भी है। ऐसे में वह यहां पर अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत झोंके हुए हैं। राज्य में चुनाव तिथियों की घोषणा अगले माह के मध्य में होने की संभावना है। ऐसे में पार्टी ने अगले एक महीने में राज्य को राजनीतिक रुप से मथने की पूरी तैयारी की है।
इस दौरान राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी चार से पांच कार्यक्रम हो सकते हैं। इसमें एक कार्यक्रम 27 फरवरी को पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के जन्मदिन पर उनके गृह जिले शिमोगा में नए एयरपोर्ट का उद्घाटन शामिल है। इसके अलावा प्रधानमंत्री के मार्च के पहले सप्ताह में मैसूरु-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने की संभावना है।
भाजपा एक मार्च से कर्नाटक में चार विजय संकल्प रथयात्राएं भी करने जा रही है। इनके समापन के दिन मध्य कर्नाटक के दावणगिरि में एक बड़ी जनसभा को भी मोदी संबोधित करेंगे।

विजय संकल्प रथ यात्रा से जनसंपर्क
भाजपा बीते एक साल से कर्नाटक में लगातार कई तरह के जनसंपर्क कार्यक्रम कर रही है। अब चुनावों के ठीक पहले वह पूरे राज्य को मथने के लिए राज्य में चारों दिशाओं से विजय संकल्प रथ यात्राएं निकालने जा रही है। एक मार्च से शुरू होने वाली विजय संकल्प रथ यात्रा को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा चामराज नगर के पास मलाई महादेश्वर पहाड़ी से हरी झंडी दिखाएंगे। नड्डा चामराज नगर में एक बड़ी रैली को भी संबोधित करेंगे। दूसरी विजय संकल्प रथयात्रा की शुरुआत दो मार्च को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पश्चिम कर्नाटक के बेलगाम जिले के नंदागढ़ से शुरु करेंगे। तीसरी रथ यात्रा को तीन मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बेंगलुरु से हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि चौथी रथयात्रा की शुरुआत भी अमित शाह बीदर के बसवा कल्याण से करेंगे।



