बिहार के सासाराम में शुक्रवार को नवरात्रि विसर्जन जुलूस के दौरान हुई हिंसा के बाद इंटरनेट अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। सासाराम के साथ ही सीएम नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के बिहारशरीफ में भी बवाल हुआ, यहां धारा 144 लागू कर दी गई है। दोनों जगह पर करीब 26 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है। इसके अलावा उपद्रवियों ने आगजनी और तोड़फोड़ करके निजी और सार्वजनिक संपत्तियों को खासा नुकसान पहुंचाया है। सासाराम और बिहारशरीफ में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात हैं। पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार देर रात आपात बैठक भी बुलाई गई।एडीजी (मुख्यालय) जितेंद्र सिंह गंगवार ने बैठक के बाद बताया कि दोनों जिलों में हालात नियंत्रित हैं। जिलों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। पर्याप्त संख्या में बल तैनात कर दिए गए हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सासाराम में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। पूरे नालंदा जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। दोनों जिलों में सोशल मीडिया पर खासतौर पर नजर रखी जा रही है।

बता दें कि सासाराम में गुरुवार देर रात हुए विवाद के खुन्नस में शुक्रवार की सुबह 10 बजे दो गुटों में भिड़ंत हो गई। उसी वक्त नवरात्रि विसर्जन जुलूस भी निकल रहा था। इसके बाद कई दुकानों में उपद्रवियों ने क्षति पहुंचाई। घटना नवरत्न बाजार से शुरू हुई, जो कई मोहल्लों में फैल गई। पथराव में 12 लोग घायल हो गए। कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। उपदव्रियों ने छिटपुट आगजनी भी की। इस दौरान घायल एक सिपाही व एक मोहल्लेवासी को इलाज के लिए सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस को उपद्रवियों पर नियंत्रण के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घंटों मशक्कत से शाम चार बजे के बाद स्थिति पर काबू किया जा सका।

वहीं, बिहारशरीफ के गगनदीवान मोहल्ले के पास दो गुटों में रोड़ेबाजी और फायरिंग हुई। इसमें 14 लोगों के घायल होने की खबर है। गुस्साई भीड़ ने वाहनों को फूंक दिया और दुकानों में तोड़फोड़ की और आग लगाने की भी कोशिश की। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को समझाया। इसके बाद स्थिति काबू में आई।

अशांति के कारण गृह मंत्री का दौरा रद्द

गृह मंत्री अमित शाह के सासाराम दौरे के मद्देनजर हालात पर काबू पाने का प्रयास तेज बताया जा रहा था। लेकिन, कार्यक्रम स्थल के आसपास धारा 144 लागू रहने और स्थिति तनावपूर्ण रहने के कारण शाह का दौरा रद्द कर दिया गया है। ताजा हालत यह है कि कादिरगंज, मुबारकगंज, चौखंडी नवरत्न बाजार में दुकानों के साथ घरों के दरवाजे भी बंद हैं। इसके बावजूद शनिवार को भी 10 मिनट के लिए पथराव की सूचना आई। इसमें किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। लेकिन, यह घटना बता रही है कि तनाव अब भी है।

छावनी के रूप में बदला इलाका

पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके को छावनी के रूप में बदल चुकी है। सड़क पर रातम में गश्ती चलती रही और सुबह भी वही हालात हैं। एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दो लोगों पर केस दर्ज हुआ है। धारा 144 लागू रहने की जानकारी पुलिस माइक के जरिए दे रही है। इंटरनेट सेवा ठप रखकर अफवाहों को रोकने का प्रयास जारी है। पुलिस शांति समिति की बैठक की तैयारी में लगी है। 12 बजे शांति समिति की बैठक के लिए दोनों पक्ष से चुनिंदा लोगों को बुलाया गया है।

दो किमी दायरे में तनाव, लोग घरों में बंद

नालंदा में दो किलोमीटर के दायरे के आधा दर्जन मोहल्लो में अब भी तनावपूर्ण स्थिति है। लोग घरों में बंद हैं। दुकानें भी नहीं खुली हैं। लोग एक-दूसरे से मिल नहीं पा रहे, क्योंकि धारा 144 के सख्ती से अनुपालन के लिए पुलिस लगातार मार्च कर लोगों को घर में रहने की ताकीद कर रही है। नगर निगम की गाड़ी से प्रचार किया जा रहा है कि स्थिति ठीक है, अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। पुलिस अबतक यह नहीं जानकारी दे रही कि प्राथमिकी दर्ज हुई है या नहीं। दोनों पक्षों से कुल 27 लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जिसके कारण यह माना जा रहा है कि अब प्राथमिकी दर्ज हो गई है।(एएमएपी)