राजधानी दिल्ली में निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेरी इलाके में 16 वर्षीय लड़की पर एक शख्स (साहिल) ने चाकू से 40 से अधिक वार कर उसकी हत्या कर दी। वह यहीं नहीं रुका, बल्कि पत्थर से उसके ऊपर कई प्रहार किये। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जो विचलित करने वाला है।
वीडियो में पूरी घटना दिखाई दे रही है। जब शख्स घटना को अंजाम दे रहा था, तब आसपास से कई लोग गुजर रहे थे, लेकिन लड़की की चीख-पुकार सुनकर भी किसी ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया। पूरा वीडियो 1.26 मिनट का है। हत्या का आरोप साहिल पर लगा है। पुलिस के मुताबिक साहिल और लड़की के बीच दोस्ती थी, लेकिन रविवार रात दोनों के बीच झगड़ा हो गया था।
आगे पुलिस ने सोमवार को बताया कि रविवार शाम लड़की जब अपनी दोस्त नीतू के बेटे के जन्मदिन पार्टी में जा रही थी, तभी साहिल ने उसे रोककर चाकू से हमला कर किया और करीब 40 वार किये। फिर पत्थर से कुचल दिया। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले साहिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से साहिल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उसे लेकर दिल्ली पहुंच रही है और अब उससे इस मामले में पूछताछ की जाएगी।

हैरानी की बात यह है कि साहिल उस लड़की पर चाकुओं से लगातार हमला करता रहा, लेकिन आसपास से गुजर रहे लोगों ने चुपचाप बचकर निकलते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो कानून-व्यवस्था के साथ-साथ नये बन रहे समाज पर गहरे सवाल उठाता है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपित साहिल का लड़की के साथ झगड़ा हुआ था। इसे लेकर साहिल नाराज था। उसने लड़की को मारने की भी धमकी दी थी। रविवार की रात जब वह अपनी दोस्त के यहां जन्मदिन पार्टी में जा रही थी, तभी रास्ते में साहिल ने उसे रोक और घटना को अंजाम दे दिया।



