राजधानी दिल्ली में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली रेल ब्रिज पर सुबह 6 बजे जल स्तर 208.46 पर पहुंच गया। वहीं दिल्ली के निचले इलाकों में पानी भरने लगा है  और सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी लोगों से घर छोड़ने की अपील की है। इस बार यमुना के जल स्तर ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिल्ली में लोगों ने शिविरों और फ्लाइओवर के नीचे आसरा लिया है।उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बुधवार को ही कई इलाकों में धारा -144 लागू कर दी थी। दो दिन में दिल्ली में ज्यादा बारिश नहीं हुई है लेकिन यह अधिकांश पानी हिमाचल और हरियाणा से आ रहा है। बाढ़ के हालात को देखते हुए ट्रैफिक में बड़े बदलाव किए गए हैं। इसके अलावा बाहरी वाहनों की आवाजाही पर आंशिक रोक लगाई गई है। दिल्ली के वीवीआईपी इलाके तक पानी पहुंच गया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल का घर भी इससे अछूता नहीं है।

केजरीवाल के घर-दफ्तर तक पहुंच गया बाढ़ का पानी

यमुना का जलस्तर बढ़ने बाढ़ का पानी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बेहद करीब आ गया है। मुख्यमंत्री का सरकारी आवास सिविल लाइन्स इलाके में मौजूद हैं, जहां सड़कें पानी में डूब गईं हैं। सीएम आवास के अलावा पानी सचिवालय के पास भी पहुंच गया है। उधर, सनलाइट कॉलोनी इलाके में बाढ़ के पानी में डूबकर एक शख्स की मौत हो गई है।

दिल्ली में वर्क फ्रॉम होम का ऐलान, दिल्ली में 16 जुलाई तक स्कूल बंद

राजधानी दिल्ली में बाढ़ से हालात खराब है। निचले इलाकों में पानी  भरने के अलावा आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दि्ली सरकार ने कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम का ऐलान किया है। वहीं, उपराज्यपाल और डीडीएमए की बैठक में फैसला लिया गया है कि राजधानी दिल्ली में 16 जुलाई तक स्कूल बंद किए जाएंगे। इस बैठक में अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे। उपराज्यपाल ने यह बैठक बुलाई थी। बाढ़ के हालात को देखते हुए और सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। पंजाब में भी स्कूल 16 जुलाई तक बंद किए गए हैं।

हजारों लोगों ने जान बचाकर शिविरों की ली शरण

हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के चलते यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को ही 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद यमुना ने दिल्ली में तबाही के संकेत दे दिए थे। गुरुवार सुबह तक पानी 208.46 मीटर तक पहुंच गया। इसके साथ ही दिल्ली के कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया। बाढ़ की वजह से कई सड़कों को बंद करना पड़ा है तो यमुना किनारे कॉलोनियों में कई फीट पानी आ गया है। हजारों लोगों को जान बचाकर शिविरों में भागना पड़ा है। मयूर विहार फेज वन, वजीराबाद, खजूरी, राजघाट जैसे इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। दर्जनों सड़कों को बंद करना पड़ा है। दिल्ली के जैतपुर इलाके में भी पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है। यमुना किनारे बसे एनसीआर के दूसरे इलाकों में भी पानी लबालब हो गया है।

बाढ़ में डूब गया सब्जी बेचने गया शख्स

दिल्ली की बाढ़ में डूबकर एक शख्स की मौत हो गई है। सनलाइट कॉलोनी थाना इलाके में यमुना में युवक का शव दो दिन बाद बरामद किया गया है। 40 साल का मनोज सोमवार को मंडावली इलाके यमुना किनारे में सब्जी बेचने गया था। बुधवार को उसका शव सराय काले खां इलाके से यमुना से बरामद हुआ। सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने मनोज के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स में रखवा दिया है। मनोज सरायकाले खां फ्लाईओवर के पास स्थित झुग्गी बस्ती में रहता था।

केजरीवाल की जनता से क्या अपील

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से बाढ़ प्रभावित इलाकों में जान जाने की सलाह दी है साथ ही एक दूसरे के सहयोगी की अपील की। उन्होंने ट्वीट किया,’ यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अब पानी 208.46 मीटर पर पहुंच गया है। बढ़ते हुए जलस्तर के कारण, यमुना के आसपास की सड़कों पर आ गया है। आपसे अनुरोध है कि इन रास्तों पर ना जाएं। जिन आबादी वाले इलाकों में पानी भरा है, वहां से लोगों को निकाल रहे हैं। वहां रहने वालों से अनुरोध है कि प्रशासन का सहयोग करें। लोगों की जान बचाना सबसे जरूरी है। सभी दिल्लीवालों से अपील है कि इस आपातकाल स्थिति में एक दूसरे का हर संभव सहयोग करें।’

रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित

भारी बारिश और नदियों में उफान की वजह से रेल यातायात  बुरी तरह बाधित हुआ है। लगभग 650 मेल और 500 पैसेंजर ट्रेनें  7 जुलाई से ही बाधित हैं और यह सिलसिला 15 जुलाई तक चल सकता है। कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। नदियों में उफान की वजह से संवेदनशील जगहों पर स्पीड भी घटाई गई है। (एएमएपी)