
उन्होंने कहा कि एक ऐतिहासिक जनादेश, एक बड़ी ज़िम्मेदारी भी लाता है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि कर्नाटक की जनता 2024 लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस पर अपना विश्वास जताएगी। कर्नाटक हमारे शासन और विकास पर भरोसा करता है। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की थी।
कर्नाटक में लोकसभा की 28 सीटें
कर्नाटक में लोकसभा की 28 सीटें हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 25 सीट पर जीत दर्ज की थी। जबकि कांग्रेस को सिर्फ एक सीट पर संतोष करना पड़ा था। जनता दल (सेक्युलर) को एक सीट हासिल हुई थी। ऐसे में पार्टी की कोशिश है कि 2024 के चुनाव में भाजपा को ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाया जाए। वर्ष 2014 के चुनाव में कांग्रेस को 9 और जद(एस) को दो सीट मिली थी।
एक नेता और एक मंत्री हर संसदीय सीट का प्रभारी होगा
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि यह निर्णय लिया गया कि पार्टी संगठन का एक वरिष्ठ नेता और एक मंत्री हर एक संसदीय सीट का प्रभारी होगा और अगले 6 से 7 महीने, जब तक संसद का चुनाव संपूर्ण नहीं हो जाता, पार्टी के संगठन की पूरी तैयारी की जिम्मेदारी उनकी होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुखमंत्री डीके शिवकुमार ने पार्टी नेतृत्व को भरोसा दिलाया है कि कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी कम से कम 20 लोकसभा सीट जीतेगी। हालांकि, हमारी कोशिश होगी कि 28 की 28 सीट जीतें, परंतु कम से कम 20 सीट कांग्रेस पार्टी अवश्य जीतेगी।(एएमएपी)



