कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को पार्टी नेताओं से व्यक्तिगत मतभेदों को किनारे रखकर पार्टी की सफलता को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने अपने नेताओं से अनुशासन एवं एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहिए, जिससे पार्टी को नुकसान हो। खरगे ने पार्टी की कार्यसमिति बैठक में कांग्रेस के नेताओं से आगामी चुनाव के लिए तैयार रहने की अपील करते हुए कहा कि देश में बदलाव के संकेत है। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक के विधानसभा चुनाव का प्रमाण इस बात का सबूत है।

मोदी सरकार पर निशाना साधा

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक देश, एक चुनाव को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने अपने एजेंडे को पूरा करने के लिए इस विषय पर समिति बनाई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को सौंपी गई। उन्होंने बताया कि अगले दो से तीन महीने में पांच राज्यों में चुनाव होने वाला है, वहीं लोकसभा चुनाव छह महीने दूर है।

संगठनात्मक एकता भी जरूरी : खरगे

खरगे ने अपनी पार्टी के लोगों से जम्मु कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने के लिए कहा। उन्होंने कहा, ‘संगठनात्मक एकता भी बहुत जरूरी है। इसी से हम अपने विरोधियों को हरा सकते हैं। इसका उदाहरण कर्नाटक में देख सकते हैं, जहां हम एकसाथ होकर ही विरोधियों के खिलाफ जीत हासिल करने में कामयाब हुए।’ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा, ‘अभी हमारे लिए आराम करने का समय नहीं है। पिछले दस सालों में भाजपा के राज में आम लोगों के सामने चुनौतियां दो गुना बढ़ गई है। पीएम किसानों, गरीबों, मजदूरों और महिलाओं के बारे में बात करना नहीं चाहती है। उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि केंद्र की ‘तानाशाह सरकार’ को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत झोंकनी होगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए, नए-नए मसले लाकर ध्यान भटकाने की राजनीति करती है।

मुद्दों और तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखें

खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के अपने 138 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में एक से एक बड़ी चुनौतियों पर विजय हासिल की। अगले 2-3 महीनों में 5 राज्यों के चुनाव तय हैं। लोकसभा चुनाव महज़ 6 महीने दूर है। जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव हो सकते हैं, हमें ये भी ध्यान रखना होगा। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हमारी राज्य सरकारों ने सामाजिक न्याय का नया मॉडल बनाया है। इसके बारे में हमें पूरे देश को बताना है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि पार्टी ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले 2 महीनों में 20 राज्यों के पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ विस्तार से बैठक कर वहां की रणनीति बनाई है। हमें वोटर के साथ लगातार संपर्क में रहना है। उनके सवालों का जवाब देना है। विरोधियों द्वारा फैलाई जा रही झूठी बातों की हमें तुरंत काट करनी है। मुद्दों और तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी है।(एएमएपी)