मप्र विस चुनाव में इस बार मिलेंगे महिलाओं को पर्याप्त टिकट।
प्रदेश में 10 हजार 880 किमी में हुईं पांच जन आशीर्वाद यात्राएं
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार की जन आशीर्वाद यात्राओं को जनता ने भरपूर आशीर्वाद दिया है। विकास और गरीब कल्याण पर केंद्रित इन यात्राओं की सफलता की कहानियां भी शानदार रही हैं। पांच यात्राएं 10 हजार 880 किमी चलकर पूरी हुई हैं। इस दौरान पार्टी ने एक करोड़ से ज्यादा लोगों से संपर्क बनाया। 65, 523 बूथों तक कार्यकर्ता पहुंचे हैं। साथ ही 750 रथसभाएं और 250 बड़ी सभाएं आयोजित की गईं।
महाकुंभ में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से इस बार टूटेंगे सभी रिकार्ड
चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि 25 सितंबर को होने वाले महाकुंभ में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति के अब तक के सभी रिकॉर्ड टूटने वाले हैं। वहीं एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के कारण दूसरी योजनाओं का पैसा रुकने की बात अफवाह है। सरकार सभी योजनाओं के लिए बजट दे रही है। चुनाव में 33 फीसदी महिलाओं को टिकट देने के सवाल पर सीएम ने कहा कि पार्टी हमेशा ही महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने का प्रयास करती है। इस बार भी हम ऐसा ही करेंगे।
जल्द आएगी दूसरी सूची
चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि बीजेपी ने 39 उम्मीदवारों की सूची चुनाव के इतने पहले जारी कर नया काम किया है। दूसरी सूची भी जल्द जारी होगी। इस सूची के संबंध में लगातार चर्चाएं चल रही हैं। जन आशीर्वाद यात्रा में नेताओं के व्यस्त होने के कारण ये सूची नहीं आ पाई। वहीं पहली सूची में दावेदारों की नारजगी पर तोमर ने कहा कि बीजेपी बड़ा राजनीतिक दल है और इसमें भी मनुष्य काम करते हैं। राजी-नाराजी चलती रहती है, जल्द ही हमारे सारे नाराज लोग मान जाएंगे।
हमें मिल रहा जनता का आशीर्वाद और कांग्रेस को मिल रहा जन आक्रोश
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं तो हमें आशीर्वाद मिल रहा है और कांग्रेस जवाब में आक्रोश यात्रा निकाल रही है तो उसको आक्रोश मिल रहा है। यात्रा में लाठी,डंडे चल रहे हैं यहां तक कि बंदूकें भी निकलने लगी हैं। सीएम ने कहा कि कमलनाथ जी समझ गए कि आक्रोश किसके खिलाफ है, इसलिए उन्होंने पोस्टर से दिग्विजय सिंह की तस्वीर ही निकाल दी। कमलनाथ जी आक्रोश यात्रा से ही गायब हैं।
शिवराज बोले कि मुझे आश्चर्य होता है कि जिनका नेता पहियों वाले सूटकेस को सिर पर लेकर चलता हो, उस पार्टी का क्या भविष्य होगा। मिस्टर बंटाधार खुद कहते हैं कि मैं जाऊंगा तो वोट नहीं मिलेंगे। कमलनाथ जी, जब सनातन धर्म का अपमान होता है तो आप मौनी बाबा बन जाते हैं और जब वोट चाहिए होते हैं तो आप ढोंगी बाबा बन जाते हैं। सनातन धर्म का अपमान आपके गठबंधन के साथी कर रहे हैं और आप चुप हैं। जनता का आक्रोश आपके खिलाफ होगा और आप और आपकी पार्टी कहीं की नहीं रहेगी।
कार्यकर्ताओं को पीएम मोदी द्वारा दिलाया जाएगा विजय संकल्प
भोपाल के जंबूरी मैदान में 25 सितंबर को बीजेपी कार्यकर्ता महाकुंभ को लेकर संगठन की ओर से यह दावा किया जा रहा है कि इस दिन दस लाख कार्यकर्ता भोपाल आएंगे और विजय संकल्प लेकर जाएंगे। भीड़ जुटाने के लिए सभी मंत्री, विधायक और जिला अध्यक्षों को टारगेट दे दिया गया है। नेता अपने-अपने क्षेत्र से भीड़ लाएंगे और उनके खाने-पीने का इंतजाम करेंगे और उन्हें सकुशल वापस ले जाना भी सुनिश्चित करेंगे। पार्टी को लगता है कि इस कार्यक्रम के बाद पूरे प्रदेश में माहौल बदल जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से कार्यकर्ताओं में नया जोश भर जाएगा।(एएमएपी)