नार्थ सिक्किम में ल्होनक झील पर बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इस वजह से लाचेन घाटी में तीस्ता नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। इस बाढ़ में सेना के 23 जवान बह गए और उनका शिविर व वाहन डूब गए। यह सूचना असम की राजधानी गुवाहाटी में रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी ने एक्स हैंडल पर साझा की है।

बांध से पानी छोड़े जाने के कारण बिगड़ी स्थिति

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि अचानक बाढ़ आने और एक बांध से पानी छोड़े जाने के कारण स्थिति और बिगड़ गयी। बाढ़ मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे आई। रक्षा अधिकारियों ने बताया कि घाटी में कई प्रतिष्ठान बाढ़ की चपेट में आए हैं तथा नुकसान के संबंध में अभी और जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण झील में जलस्तर अचानक 15 से 20 फुट तक बढ़ गया। इससे सिंगताम के पास बारदांग में खड़े सेना के वाहन डूब गए। उन्होंने बताया कि सेना के 23 जवानों के लापता होने की खबर है और 41 वाहन कीचड़ में डूबे हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, तलाश एवं बचाव अभियान जारी है।

तीस्ता नदी में जल स्तर बढ़ने से छह पुल बह गए

अधिकारियों ने कहा कि तीस्ता नदी में जल स्तर अचानक बढ़ने के बाद मंगलवार देर रात उत्तरी सिक्किम में कम से कम छह पुल बह गए। उन्होंने यह भी कहा कि तीस्ता नदी में जलस्तर अचानक बढ़ने की खबर मिलते ही अलर्ट जारी कर दिया गया और नदी के किनारे निचले इलाकों को खाली कराना शुरू कर दिया गया।

बिहार सरकार ने जारी की जातीय जनगणना की रिपोर्ट, कुल आबादी 13 करोड़ से ज्यादा

गंगटोक में भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि जब किसी छोटे क्षेत्र में लगभग एक घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश होती है, तो इसे बादल फटना कहा जाता है।” अधिकारियों ने कहा कि वे यह भी सत्यापित करने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह बादल फटना था या पहाड़ों के ऊपरी हिस्से में हिमनद झील का फटना था, जिसके कारण नदी में जल स्तर अचानक बढ़ गया।

पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश

इस बीच झारखंड पर कम दबाव और संबंधित चक्रवाती परिसंचरण के कारण पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार तक पूर्वी राज्य में बारिश की गतिविधि बढ़ने का अनुमान लगाया है। पश्चिम बंगाल के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा है कि भारी बारिश के कारण बीरभूम, बांकुरा, पश्चिम बर्दवान, पूर्वी बर्दवान, पश्चिम मिदनापुर, हुगली और हावड़ा सहित कम से कम सात जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।(एएमएपी)