दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा इंडिया गठबंधन 31 मार्च को रामलीला मैदान में ‘महा रैली’ का आयोजन कर रही है। यह अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। विपक्ष को एकतरफा हमलों का सामना करना पड़ रहा है। आप नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि रामलीला मैदान एक ऐतिहासिक जगह है। देश के बड़े-बड़े आंदोलन रामलीला मैदान में हुए, आम आदमी पार्टी का उदय रामलीला मैदान से हुआ है… इसमें (महा रैली) इंडिया गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे और देश को, विश्व को संदेश देंगे।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। एक मुख्यमंत्री को पहली बार गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस के खाते सील किए गए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। हम मजबूती के साथ इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगियों के साथ हैं। 31 मार्च को बड़ी रैली दिल्ली में इंडिया गठबंधन करेगा। यह राजनीतिक रैली नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के आह्वान के लिए होगी। देश के लोगों को बताया जाएगा कि अपने पुरखों कुर्बानी को जाया न जाने दें। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल को आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार रात को गिरफ्तार किया था। उसके बाद से ही विपक्षी नेता एकजुट होकर सरकार को इस मुद्दे पर घर रहे हैं।(एएमएपी)