अमित शाह और मोहन यादव केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाए गए।

हरियाणा में जीत के बाद अब भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारियों में भाजपा जुट गई है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को हरियाणा में राज्य विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तीसरी बार जीत हासिल की है। चुनाव के नतीजे आठ अक्टूबर को घोषित किए गए थे। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 48 सीटें मिलीं, जबकि जीत का दंभ भर रही कांग्रेस के कहते में केवल 37 सीटें आईं। इस बार के चुनाव परिणाम की खास बात ये है कि कांग्रेस को 6 और बीजेपी को 8 सीटों का फायदा हुआ है।

ऐसी चर्चा है कि हरियाणा के मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सैनी फिर से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठ सकते हैं। दरअसल, उनके नेतृत्व में ही पार्टी ने ये जीत हासिल की है। इससे पहले वे चुनाव से कुछ महीने पहले ही सीएम बनाए गए थे। ऐसे में उनका फिर से सीएम बनना तय माना जा रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। ये दोनों नेता चंडीगढ़ से हवाई जहाज के जरिए दिल्ली पहुंचे थे। माना जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने भाजपा आलाकमान से मुलाकात कर कैबिनेट गठन पर चर्चा कर चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित रूप से जीत दर्ज की है। इस बीच चुनाव पूर्व लगभग सभी सर्वे में माना जा रहा था कि कांग्रेस भारी बहुमत से जीत रही है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा कि संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को जम्मू-कश्मीर में विधायक दल का नेता चुनने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस 42 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और 95 सदस्यीय सदन में उसे आसान बहुमत हासिल है, क्योंकि उसके गठबंधन सहयोगियों कांग्रेस और माकपा ने क्रमशः छह और एक सीट जीती है। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अब तक की सबसे अधिक 29 सीटें हासिल की हैं।