प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी दलों पर भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि विपक्ष ने संविधान की भावना को ‘‘कुचल दिया’’ है और लोकतंत्र के सभी मानदंडों को खारिज कर दिया है।

भुवनेश्वर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि विपक्ष का एक ही उद्देश्य है, “लोगों को गुमराह करके किसी तरह सत्ता हासिल करना”।

उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानने वाले लोग पिछले एक दशक से केंद्र में सत्ता में नहीं हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बिल्कुल स्वाभाविक है कि विभिन्न मुद्दों पर राजनीतिक दलों के बीच वैचारिक मतभेद होंगे और उन्हें अपने विचार व्यक्त करने तथा आंदोलन करने का अधिकार है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान मैंने राजनीति के अलग-अलग रंग देखे हैं। मैं मानता हूं कि लोकतंत्र में रचनात्मक विपक्ष होना सामान्य बात है। किसी भी फैसले पर मतभेद हो सकते हैं।’’

मोदी ने कहा कि हालांकि, अब हर कोई विरोध प्रदर्शन के तरीके में बड़ा अंतर महसूस कर सकता है, ‘‘लेकिन संविधान की भावना को कुचला जा रहा है और लोकतंत्र के सभी मानदंडों को खारिज किया जा रहा है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि शुरू से ही विपक्षी दल इस तथ्य को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थे कि लोगों ने भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को अपना जनादेश दिया है।

Parliament erupts in chaos hours after PM Modi calls for smooth Winter  Session | India News - Times of India

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले एक दशक से सत्ता से वंचित ऐसे राजनीतिक दलों में अब इतनी बौखलाहट है कि वे देश और देश की जनता के खिलाफ साजिश रचने से भी नहीं चूकतीं। वे झूठ और अफवाह की दुकान से लोगों को गुमराह कर रही हैं।’’

मोदी ने कहा कि इस तरह का झूठा प्रचार भारत के लोगों के लिए एक बड़ी चुनौती है और भाजपा के कार्यकर्ताओं तथा ‘‘जो लोग देश से प्रेम करते हैं और संविधान का सम्मान करते हैं, उन्हें इस तरह के प्रयासों को विफल करने और झूठ को उजागर करने के लिए अधिक सतर्क तथा सावधान रहना चाहिए।’’

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने ओडिशा के विकास के लिए तब भी समर्पित भाव से काम किया जब पार्टी इस पूर्वी राज्य में सत्ता में नहीं थी।

मोदी ने कहा, ‘‘ओडिशा चुनाव के नतीजों ने कई बड़े राजनीतिक विशेषज्ञों को चौंका दिया, जिन्होंने राज्य में भाजपा की सरकार बनाने की संभावना को पूरी तरह से खारिज कर दिया था… ओडिशा, हरियाणा और महाराष्ट्र में भाजपा की चुनावी सफलता ने पूरे देश में एक नया विश्वास पैदा किया है। यह भाजपा की विशेषता है और हमारे कार्यकर्ताओं की क्षमता है। ’’

उन्होंने कहा कि भाजपा ओडिशा की समृद्ध संस्कृति और परंपरा का सम्मान करती है तथा उसे प्राथमिकता देती है।

मोदी ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि भाजपा के प्रयासों से ओडिशा की आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू जी आज देश की राष्ट्रपति हैं। इससे समाज के सभी वर्गों की बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। उनकी यात्रा आने वाली कई पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।’’

भुवनेश्वर में शुरू हुए अखिल भारतीय डीजीपी/आईजीपी सम्मेलन के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पहली बार ओडिशा में आयोजित किया जा रहा है, हालांकि यह आयोजन ब्रिटिश काल से होता आ रहा है।

मोदी ने कहा, ‘‘हम ओडिशा को न केवल देश में बल्कि विश्व मानचित्र पर भी प्राथमिकता दिलाना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद उसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति और अन्य केंद्रीय योजनाओं को लागू किया है।

मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने ओडिशा में चुनाव के दौरान किये गये वादों को पूरा करना भी शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य ने ‘सुभद्रा योजना’ शुरू की है, जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक होगी। इस योजना के तहत सरकार ने पांच साल में एक करोड़ महिलाओं को 50,000 रुपये देने का वादा किया है। इसी तरह सरकार ने वादे के मुताबिक 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद शुरू कर दी है।’’