बिहार सहित पूरे भारत और विदेशों में भी 22 मार्च को ‘बिहार दिवस’ मनाया गया। इसी क्रम में अमेरिका में भी बिहार दिवस की धूम दिखी। अमेरिका में न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने बिहार फाउंडेशन यूएसए ईस्ट कोस्ट चैप्टर और बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (बीजेएएनएयूएस) के साथ साझेदारी में शनिवार को बिहार दिवस मनाया, जिसमें राज्य के समृद्ध पर्यटन, संस्कृति और व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया।
महावाणिज्य दूतावास में हुए एक भव्य कार्यक्रम में बिहार के प्रवासियों के योगदान और उपलब्धियों को भी दिखाया गया। इस वर्ष का समारोह भारतीय गायिका पद्म भूषण शारदा सिन्हा को विशेष श्रद्धांजलि थी, जिनकी भावपूर्ण आवाज ने दशकों से भोजपुरी, मैथिली और मगही लोक संगीत को संरक्षित और लोकप्रिय बनाया है।
बिहार फाउंडेशन ऑफ यूएसए (ईस्ट कोस्ट) ने मंगलवार को प्रवासी भारतीयों और यहां जुटे हुए भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों के लिए बिहार की यादों को ताजा करते हुए ‘बिहार दिवस समारोह’ की मेजबानी की। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक विशेष वीडियो संदेश दिया।
नीतीश कुमार ने संदेश में कहा, “बिहार दिवस समारोह के दौरान इन अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों को साझा करने और प्रदर्शित करने के लिए हमें अपने जीवंत और सक्रिय प्रवासियों पर गर्व है।” उन्होंने अमेरिका में बिहार की विरासत और परंपराओं को बढ़ावा देने और स्वैच्छिक और परोपकारी गतिविधियों को समर्थन करने के लिए बिहार फाउंडेशन यूएसए के प्रयासों की सराहना की।
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने एक्स पर जश्न की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “@IndiainNewYork ने @BiharUsa& @BJANAUS के साथ साझेदारी में #BiharDiwas मनाया, जिसमें बिहार के पर्यटन, संस्कृति, मधुबनी पेंटिंग और व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया।” पोस्ट में कहा गया, “इस वर्ष का समारोह पद्म भूषण शारदा सिन्हा को विशेष श्रद्धांजलि है, जिनकी भावपूर्ण आवाज ने दशकों से भोजपुरी, मैथिली और मगही लोक संगीत को संरक्षित और लोकप्रिय बनाया है।”
इसके अलावा, बिहार विश्व गौरव सम्मान पुरस्कार ने चार प्रतिष्ठित सामुदायिक नेताओं: प्रकाश झा, अभिषेक तिवारी, शरद कुमार और महेश कुमार के उत्कृष्ट योगदान को मान्यता दी। यह पुरस्कार समारोह न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम का हिस्सा था।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित व्यक्तियों ने अपने अनुभव और अपने काम के प्रभाव को साझा किया, जिससे शाम का महत्व और बढ़ गया। इस कार्यक्रम में बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका की 50वीं वर्षगांठ भी मनाई गई, जिसमें प्रवासी समुदाय के लिए इसके योगदान का जश्न मनाया गया।
एक अन्य पोस्ट में, न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने लिखा, “कार्यक्रम के हिस्से के रूप में, बिहार विश्व गौरव सम्मान पुरस्कारों ने प्रतिष्ठित सामुदायिक नेताओं प्रकाश झा, अभिषेक तिवारी, शरद कुमार और महेश कुमार को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।”
पोस्ट में कहा गया है, “सम्मानित व्यक्तियों ने अपनी यात्रा और प्रभाव पर विचार व्यक्त किए, जिससे शाम का महत्व बढ़ गया; साथ ही बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका की 50वीं वर्षगांठ पर प्रवासी समुदाय के लिए इसके योगदान का जश्न मनाया गया।”
हर साल 22 मार्च को मनाया जाने वाला बिहार दिवस वस्तुतः बिहार राज्य के गठन का प्रतीक है। 1912 में इसी दिन अंग्रेजों ने बंगाल से बिहार को अलग करके राज्य बनाया था।