उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को प्रवासी उत्तराखंडियों को प्रदेश का सच्चा ‘ब्रांड एंबेसडर’ बताया और उनसे राज्य के विकास अभियान में भागीदार बनने का आह्वान किया ।

Courtesy: संवाद जान्हवी

देहरादून में उत्तराखंड स्थापना के रजत जयंती उत्सव के तहत आयोजित “प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन” को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और मातृभूमि के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं और वे प्रदेश के सच्चे ‘ब्रांड एम्बेसडर’ हैं।

सम्मेलन के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासियों की भूमिका को सराहा। उन्होंने कहा कि अपने राज्य से दूर रहकर भी इन प्रवासियों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को न केवल संजो कर रखा है, बल्कि इसे नई पीढ़ी तक भी पहुंचा रहे हैं।

उन्होंने जोर दिया कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवासियों को अपने पैतृक गांव से जुड़ना चाहिए और उनके विकास में योगदान देना चाहिए। सीएम ने कहा कि यह सम्मेलन प्रवासियों से सुझाव लेने और उन्हें सहभागी बनाने के लिए आयोजित किया गया है।

राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांशु पंत ने इस पहल को सराहनीय बताया और कहा कि प्रवासियों का राज्य के विकास में रुचि लेना राज्य हित में है। दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने भी अपने संबोधन में उत्तराखंडी होने के स्वाभिमान पर जोर दिया और प्रवासियों को अपनी जड़ों से जुड़कर मान-सम्मान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।