हालिया प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा भारत के टी20 कप्तान ने।

भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को मुंबई की टीम में शामिल किया गया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी 26 नवंबर से शुरू हो रही है।  ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट में कहा गया है कि ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर 17 सदस्यीय टीम की अगुआई करेंगे। स्क्वॉड में शिवम दुबे, सरफ़राज ख़ान, अजिंक्य रहाणे और आयुष म्हात्रे भी शामिल हैं।

भारत की साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ नौ दिसंबर से शुरू होने वाली टी20 सीरीज़ से पहले सूर्यकुमार की मुंबई टीम में वापसी हुई है। मुंबई इंडियंस के लिए इस IPL में 717 रन और 167.91 की स्ट्राइक रेट के बावजूद वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रन नहीं बना पाए हैं। 2025 में उन्होंने 15 पारियों में सिर्फ़ 184 रन निकले हैं। इस दौरान उनका औसत 15.33 और स्ट्राइक रेट 127.77 का रहा है। भारत इस विंडो में दस टी20 मैच खेलेगा। पांच मैच साउथ अफ़्रीका से और पांच न्यूजीलैंड से हैं। इसके बाद फ़रवरी और मार्च 2026 में श्रीलंका के साथ मिलकर टी20 विश्व कप की मेज़बानी करेगा।

सूर्यकुमार की तरह दुबे भी मैच प्रैक्टिस की तलाश में रहेंगे। एशिया कप और ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ में उन्हें 11 टी20 में से सिर्फ़ छह बार बल्लेबाज़ी करने का मौक़ा मिला। इन पारियों में उन्होंने 60 गेंदों पर 76 रन बनाए।

मुंबई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का मौजूदा चैंपियन है। 2024-25 के फ़ाइनल में उन्होंने मध्य प्रदेश को हराया था। इस बार उनका पहला मुक़ाबला लखनऊ में रेलवे से होगा।