झारखंड में महिला हिंसा से जुड़े मामलों ने राज्य ही नहीं पूरे देश में सुर्खियां बनी। यहां महिलाओं के खिलाफ लगातार वारदात सामने आ रहे हैं। पिछले तीन माह में राज्य के अलग-अलग जिलों में महिलाओं के कई ऐसी घटना हुई है, जो दिल दहलाने वाली रही। मामले में राष्ट्रीय महिलाओं से लेकर हाई कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा था।
चार अक्टूबर: लोहरदगा जिले में आईआरबी के दो जवानों ने आदिवासी विधवा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने दोनों जवानों कृष्ण कांत तिवारी और अजय बाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। जवानों ने क्रूरता की सारी सीमाओं को पार कर दिया था। पहले उसके साथ दुष्कर्म किया, फिर उसके प्राइवेट पार्ट पर धारदार हथियार से हमला किया गया था।
सात अक्टूबर : दुमका के जरमुंडी के भालकी गांव में मारुति कुमारी (19) को पेट्रोल डाल कर जला दिया गया था। युवती को गंभीर हालत में दुमका के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया था। इस घटना को अंजाम देने वाला युवक राजेश राउत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
सात अक्टूबर : लोहरदगा जिले के किस्को थाना क्षेत्र स्थित कोचा बरनाग गांव में पिता ने बेटी को जिंदा जला दिया था। घटना में बच्ची 80 फीसदी जल गयी थी। पप्पू तुरी को शक था कि उसकी पत्नी का किसी ओर के साथ अवैध संबंध है। वह नशे की हालत में घर आया और पत्नी से झगड़ा करने लगा। पत्नी को चाकू से मारने की कोशिश की। जान बचाने के लिए महिला घर छोड़कर भाग गयी। इसके बाद पप्पू तुरी ने चार साल की बेटी को कमरे में बंद कर आग लगा दी। रिम्स में इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई ।
दस अक्टूबर : देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल क्षेत्र में मां के सामने ही उसकी नाबालिग बेटी के साथ पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। मां-बेटी छठी में नाचने-गाने का काम करती थी। दोनों पथरौल में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं लेकिन कार्यक्रम स्थगित हो गया। इसके बाद दोनों मां-बेटी पथरौल से पैदल ही मधुपुर जाने लगीं। इसी दौरान बहादुरपुर सिरसा गांव के पास दो बाइक पर सवार छह लोग वहां पहुंचे और मां के सामने ही बेटी के साथ पांच लोगों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर किशोरी की मां के साथ जमकर मारपीट भी की गई।
दो सितंबर: दुमका में एक आदिवासी नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया गया था। हत्या का आरोप अरमान अंसारी पर लगा था। आदिवासी नाबालिग की उम्र 14 साल थी। नाबालिग के साथ अरमान अंसारी ने यौन शोषण किया और जब वह गर्भवती हुई और शादी का दबाव बनाया तो उसकी हत्या कर शव को पेड़ से टांग दिया। इस मामले में मुख्य आरोपित अरमान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
22 अगस्त : दुमका में शाहरुख नामक एक युवक ने एकतरफा प्यार में असफल होने पर 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 19 साल की युवती को जिंदा जला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रशासन को धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगानी पड़ी। यह घटना उस समय हुई जब अंकिता घर में सोई हुई थी।
इस संबंध में आईजी एवी होमकर का कहना है कि महिलाओं के साथ दुष्कर्म और हिंसक वारदात मामले में पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर रही है। पिछले दिनों जो भी घटनाएं हुई हैं, इन सभी मामलों में पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार किया है।



