भाजपा ने बताया हिंदू विरोधी।
कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल का गीता और जिहाद को लेकर दिया गया बयान अब पार्टी के लिए ही मुसीबत बनता दिखाई दे रहा है। दरअसल, दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि गीता में भगवान कृष्ण ने अर्जुन को जिहाद की सीख दी थी। उनके इस बयान को भाजपा ने हिंदू विरोधी बताया है।
पाटिल का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं और वे यात्रा के दौरान कई मंदिरों का भी दौरा कर वहां पूजा-अर्चना कर रहे हैं और गुजरात और हिमाचल चुनाव सिर पर हैं।
कांग्रेस को गीता में जिहाद दिखता है
कांग्रेस नेता के बयान पर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जिन लोगों को गीता में भी जिहाद का संदेश दिखता है, वे प्रधानमंत्री मोदी के केदारनाथ दौरे की अहमियत को नहीं समझ सकते। उन्होंने, मीडिया के सामने कहा, आप सोचिए कि क्या श्रीकृष्ण ने अर्जुन को क्या संदेश दिया है, उसे आप जिहाद कहेंगे क्या?

पूनावाला बोले यह वोटबैंक का प्रयोग है
शिवराज पाटिल के बयान पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा है कि यह हिंदुओं से यह नफरत एक संयोग नहीं, बल्कि वोटबैंक का प्रयोग है। उन्होंने आगे कहा, गुजरात चुनाव से पहले वोटबैंक के ध्रुवीकरण के लिए यह जानबूझकर किया गया है। पहले जनेऊधारी राहुल गांधी भी हिंदुत्व के बारे में बहुत कुछ कह चुके हैं।
विहिप ने भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता के बयान पर विश्व हिंदू परिषद के नेता डॉ. सुरेंद्र जैन ने कहा है कि गीता में आत्म कल्याण, समाज कल्याण और विश्व कल्याण का मार्ग बताया गया है। पूरी दुनिया के महान लोग गीता को विश्व के शांति पाठ की तरह से देखते हैं और इससे प्रेरणा प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि गीता में भगवान कृष्ण ने अर्जुन को कर्मयोग की शिक्षा दी है, लेकिन कांग्रेस को उसमें जिहाद दिखाई पड़ता है तो यह शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के समय से ही कांग्रेस इसी तरह का हिंदू विरोधी रुख अपनाती आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता न तो गीता को समझते हैं और न ही जिहाद की बात समझते हैं। वे केवल निजी स्वार्थ के कारण इस सोच का समर्थन करते हैं जिसके कारण देश में सर तन से जुदा करने की घटनाएं बढ़ रही हैं और इसका दुष्परिणाम हिंदुओं को भुगतना पड़ रहा है।



