दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में हुई छापेमारी।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह देश के राजनीतिक घटनाक्रम के केंद्र बिंदु रायसीना हिल्स के पास आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के सरकारी आवास पर छापा मारा। संजय सिंह को सांसद होने के नाते नार्थ एवेन्यू में रहने के लिए सरकारी भवन आवंटित है। ईडी ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले के संबंध में संजय सिंह के परिसरों पर छापे मारे की है। ईडी की रेड के दौरान संजय सिंह अपने आवास पर ही मौजूद थे।  ईडी ने इस मामले में पहले उनके स्टाफ सदस्यों और उनसे जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की थी।

संजय सिंह के पिता बोले- हम जांच एजेंसी को कर रहे पूरा सहयोग

इस संबंध में  प्रवर्तन निदेशालय के सूत्रों के मुताबिक दिल्ली आबकारी नीति केस में दो आरोपित गवाह बन गए हैं।  उनसे मिली सूचना के आधार पर ईडी ने संजय सिंह के घर यह सर्च ऑपरेशन चलाया।  करीब एक दर्जन अ‎धिका‎रियों की टीम बुधवार को सुबह सात बजे पहुंची और उनके घर की तलाशी ली। इस दौरान संजय ‎सिंह के ‎पिता ने कहा ‎कि हम जांच एजें‎सियों को पूरा सहयोगी करेंगे और उस वक्त का इंतजार करेंगे जब हमें क्लीन ‎चिट ‎मिलेगी।

पहले हुई संजय के करीबियों पर छापामार कार्रवाई

इससे पहले भी आप के राज्य सभा सांसद संजय ‎सिंह के करी‎बियों के यहां छापामार कार्रवाई हुई थी,‎ जिसमें ‎सिंह ने कहा था ‎कि ये जुर्म की इं‎तिहा है, आप ‎कितना ही जुर्म करें हम डरने वाले नहीं है और ये लड़ाई आगे भी जारी रखेंगे। हालां‎कि इस बार अब तक संजय ‎सिंह का कोई बयान नहीं आया था।  इसी शराब घोटाले के सिलसिले में संजय सिंह की पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया जेल में बंद हैं। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और उत्पाद शुल्क मंत्री को घोटाले में उनकी कथित भूमिका के लिए पहली बार 26 फरवरी को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था।  उन्होंने 28 फरवरी को दिल्ली कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था।

ईडी ने चार्जशीट में संजय सिंह के नाम को लेकर किया था स्‍पष्‍ट

उल्‍लेखनीय है कि इसी साल मई के महीने में भी संजय सिंह के घर पर ईडी ने छापेमारी की थी। तब उनके सहयोगियो अजीत त्यागी और सवेश ‎‎‎मिश्रा के घर और दफ्तरों पर तलाशी अभियान चलाया गया था। राज्यसभा सदस्य संजय ‎सिंह पर शराब घोटाले का आरोप है और इसी साल उनका नाम चार्जशीट में जोड़ा गया है। ‎जिस पर संजय ‎सिंह ने काफी हंगामा ‎किया था और कहा था ‎कि मेरा नाम गलती से जुड़ गया है। जब काफी हंगामा हुआ तो ईडी ने अपने जवाब में कहा था ‎कि हमारी चार्जशीट में संजय ‎सिंह का नाम चार जगह आया है। ‎जिसमें ‎सिर्फ एक जगह टाय‎पिंग ‎मिस्टेक के कारण गलती से ‎‎ लिखा गया है।

मनीष सिसोदिया हैं शराब घोटाले में मुख्‍य मास्‍टरमाइण्‍ड

इसके साथ ही आपको बतादें कि ईडी ने लगभग 270 पेज के अपने सप्लीमेंट्री चार्ज शीट में, मनीष सिसोदिया को दिल्ली शराब घोटाले में प्रमुख साजिशकर्ता बताया है।  दिल्ली के उपराज्यपाल द्वारा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से इस मामले की जांच कराने की सिफारिश करने के बाद इस नीति को रद्द कर दिया गया था।  सीबीआई जांच की सिफारिश के बाद ईडी ने धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत एक मामला दर्ज किया था।  दिल्ली शराब या 2021-22 आबाकरी नीति घोटाले में ईडी और सीबीआई ने अपनी जांच के बाद जो आरोप लगाए हैं, उसके मुताबिक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने के लिए बनाई गई उत्पाद शुल्क नीति में गुटबंदी की अनुमति दी और कुछ डीलरों का पक्ष लिया गया, जिन्होंने कथित तौर पर रिश्वत दी थी।

भ्रष्टाचार की योजनाएं मुख्यमंत्री आवास पर बनी : भाजपा

सांसद संजय सिंह के घर छापेमारी पर भारतीय जनता पार्टी ने हमला बोला है। भाजपा के महासचिव दुष्यंत गौतम ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने एक्साइज पॉलिसी ला कर लोगों को बेवकूफ बनाने का काम किया है। करोड़ों रुपये का एक्साइज पॉलिसी घोटाले की सारी योजनाएं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई थी। ऐसे में उन्हें इस पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के बीच सादगी भरे जीवन की बात करके सत्ता में आए थे। सत्ता में आते ही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए। उनके कई मंत्री जेल में चले गए हैं और अब बाकियों की भी बारी है। शराब पॉलिसी में करोड़ों का घोटाला हुआ है। वहीं, ईडी की छापेमारी को लेकर भाजपा दिल्ली प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस्तीफा मांगा।

ईडी की छापेमारी पर आम आदमी पार्टी ने निकाली भड़ास

आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोप लगाया कि ईडी ने उसके राज्यसभा सांसद संजय सिंह को इसलिए ”निशाना” बनाया, क्योंकि उन्होंने संसद में अडाणी समूह से जुड़े मुद्दे उठाए थे। पार्टी दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले के संबंध में सिंह के परिसरों पर ईडी के छापों पर प्रतिक्रिया दे रही थीं।

उन्‍होंने कहा कि इस मामले में पहले भी कुछ नहीं मिला, आज भी नहीं मिलेगा आप’ प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा है कि संजय सिंह अडाणी के मुद्दे पर सवाल पूछते रहे हैं, इसलिए उनके आवास पर छापे मारे जा रहे हैं। केंद्रीय एजेंसियों को पहले भी कुछ नहीं मिला था और आज भी कुछ नहीं मिलेगा। पहले, उन्होंने कल कुछ पत्रकारों के आवास पर छापे मारे और आज वे संजय सिंह के आवास पर तलाशी ले रही हैं। (एएमएपी)