इस पद के लिए कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी पहली पसंद हैं। सूत्रों का कहना है कि बेंगलुरु बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं ने सोनिया गांधी से अध्यक्ष पद संभालने का आग्रह भी किया लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हैं। हालांकि, वह कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालती रहेंगी।

मल्लिकार्जुन खड़गे की दावेदारी मजबूत
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इंडिया गठबंधन के अध्यक्ष पद के सबसे प्रबल दावेदार हैं। इसके साथ मुंबई में होने वाली बैठक में समन्वय समिति के सदस्यों के चयन के साथ संयोजक के पद को लेकर भी घटक दलों के बीच चर्चा के बाद फैसला होगा। संयोजक पद के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
ममता और पवार को भी मिल सकते हैं अहम पद
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले शख्स हैं, जिन्होंने वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में एनडीए से मुकाबला करने के लिए विपक्ष की एकजुटता की कवायद शुरू की थी। पार्टी के एक नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार को भी गठबंधन में अहम पद सौंपे जा सकते हैं।(एएमएपी)



