हाई ब्लड प्रेशर को एक साइलेंट किलर माना जाता है। इसी की वजह से दिल से जुड़ी परेशानी भी हो सकती है। सिरदर्द, सांस लेने में तकलीफ, नाक से खून आना, चिंता हाई ब्लड प्रेशर के लक्षणों में से हैं। अगर हाई ब्लड प्रेशर का इलाज नहीं किया जाता है तो दूसरी हेल्थ से जुड़ी समस्याओं के बीच स्ट्रोक, किडनील डैमेज, हार्ट फेलियर हो सकता है। ब्लड प्रेशर को स्वाभाविक रूप से नियंत्रित करने के लिए दवाओं के अलावा लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करने की सलाह दी जाती है। आप चाहें तो कुछ आयुर्वेदिक उपायों की मदद से भी अपने ब्लड प्रेशर को कंट्रोल कर सकते हैं। आइए हम आपको कुछ ऐसे आसान आयुर्वेदिक उपाय के बारे में बताने वाले हैं, जिनकी मदद से हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।

लहसुन

लहसुन हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में प्रभावी होता है। इसमें मौजूद एलिसिन शरीर में बढ़े हुए ब्लड प्रेशर के स्तर को कम करने में मदद करता है। इसके लिए आप रोजाना सुबह खाली पेट 1-2 लहसुन की काली का सेवन कर सकते हैं। इसके नियमित सेवन से हाई बीपी और कोलेस्ट्रॉल की समस्या से छुटकारा मिल सकता है।

आंवला

आंवला में विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो टॉक्सिंस को शरीर से बाहर निकलने में मदद करते हैं। हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए आंवला का सेवन काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। रोज सुबह खाली पेट आंवला जूस का सेवन करने से हाई ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कंट्रोल में मदद मिल सकती है। साथ ही, सेहत को कई लाभ भी मिलते हैं।

अर्जुन की छाल

अर्जुन के पेड़ की छाल एक आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी है, जो हाई ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए जानी जाती है। नियमित रूप से इसकी चाय का सेवन करने से ब्लड वेसल्स में फ्लो सही रहता है, जिससे रक्तचाप नियंत्रित रहता है।

तुलसी

तुलसी के पत्ते औषधीय से भरपूर होते हैं। ये हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में प्रभावी माने जाते हैं। इसमें पाया जाने वाला यूजेनॉल कैल्शियम चैनल ब्लॉकर की तरह काम करता है। यह हृदय और धमनी की दीवारों पर कैल्शियम को जमने से रोकता है, जिससे ब्लड वेसल्स रिलैक्स होती हैं। तुलसी के पत्तों को चबाने या तुलसी की चाय पीने से ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

अश्वगंधा

अश्वगंधा ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए एक प्रभावी आयुर्वेदिक औषधि है। इसमें तनाव दूर करने वाले गुण पाए जाते हैं। हाई ब्लड प्रेशर का एक प्रमुख कारण तनाव भी है। अगर आपको हाई बीपी के समस्या है, तो रोज सोने से पहले एक चम्मच अश्वगंधा पाउडर को दूध में मिलाकर सेवन करें। हालांकि, इसका इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य ले लें।

काली मिर्च

काली मिर्च का इस्तेमाल किचन में खूब किया जाता है। यह एक स्ट्रॉन्ग और तीखा मसाला है। जो गर्म होता है और इसी के साथ पचने में हल्का और वात और कफ को संतुलित करता है। कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के लिए यह सबसे अच्छा है। रोजाना खाली पेट गर्म पानी के साथ एक काली मिर्च खाने की सलाह दी जाती है।

काली किशमिश

इनमें पोटेशियम होता है जो ब्लडप्रेशर को कम करने में मदद करता है। नाश्ते से 25-30 मिनट पहले 5-7 रात भर भिगोई हुई किशमिश लें।

हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए आप इन आयुर्वेदिक उपायों का सहारा ले सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी समस्या काफी ज्यादा बढ़ रही है, तो ऐसे में आपको अपने हेल्थ एक्सपर्ट से सलाह लेनी चाहिए। (एएमएपी)