आपका अखबार ब्यूरो।
आईपीएल 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे देश का ध्यान खींचने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब बिहार स्थित अपने गांव समस्तीपुर पहुंच चुके हैं। गांव लौटते ही उनके स्वागत के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही आसपास के लोगों को वैभव के घर पहुंचने की खबर मिली, उन्हें देखने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने वालों का तांता लग गया। समस्तीपुर के ताजपुर स्थित उनके गांव में माहौल किसी बड़े सेलिब्रिटी के आगमन जैसा नजर आ रहा है। उन्हें देखने और मिलने को लोग इतने बेताब हैं कि वैभव का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
वैभव की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रोज बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने उनके घर पहुंच रहे हैं। हालांकि सुरक्षा और व्यस्तता के कारण वह सीमित लोगों से ही मुलाकात कर पा रहे हैं। उनके घर के बाहर स्थानीय मीडिया के साथ-साथ छोटे यूट्यूब चैनलों की भी काफी भीड़ दिखाई दे रही है।
महज 15 वर्ष की उम्र में क्रिकेट जगत में सनसनी बन चुके वैभव सूर्यवंशी ने 2025 में आईपीएल में पदार्पण किया था। अपने पहले ही सीजन से उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर खास पहचान बना ली थी। उनकी सफलता के पीछे उनके माता-पिता का संघर्ष और समर्पण भी बड़ी वजह रहा है। वैभव के पिता संजु रोज सुबह चार बजे उन्हें ट्रेनिंग के लिए पटना ले जाया करते थे, जबकि उनकी मां आरती देर रात उठकर उनके लिए भोजन और टिफिन तैयार करती थीं। इसी कठिन मेहनत और अनुशासन ने वैभव को कम उम्र में ही बड़े खिलाड़ियों के बीच अलग पहचान दिलाई।
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में वैभव को 1 करोड़ 10 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। उस समय उनकी उम्र केवल 14 वर्ष थी। अपने डेब्यू सीजन के तीसरे ही मुकाबले में उन्होंने शतक लगाकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया था। इसके बाद आईपीएल 2026 में उनका बल्ला लगातार रन बरसाता रहा। उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की और ऐसा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। इसी दौरान उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। एलिमिनेटर में 97 और क्वालीफायर-2 में 96 रन की शानदार पारियां खेलकर भी वह शतक से मामूली अंतर से चूक गए।
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में भी शानदार शतक लगाकर भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। पूरे आईपीएल सीजन में उन्होंने एक शतक, पांच अर्धशतक और 72 छक्कों का रिकॉर्ड बनाया। उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें इंडिया ए टीम में शामिल किया है। अब वह 9 जून से श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज में भारतीय टीम की ओर से खेलते नजर आएंगे।








