सोने के तीन बिस्कुट, 100 से अधिक विदेशी शराब की बोतलें, चार विदेशी राइफल बरामद।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और उनके नजदीकी लोगों के ठिकाने पर गुरुवार को छापेमारी की थी। एजेंसी की यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह तक जारी रही। इस दौरान ईडी अधिकारियों ने पांच करोड़ रुपये नकद, तीन गोल्ड बिस्किट, विदेश निर्मित हथियार, लगभग 300 कारतूस और 100 से अधिक शराब की बोतलें बरामद की हैं।प्रवर्तन निदेशालय ने अदालत के आदेश पर सोनीपत से पूर्व कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार, करनाल के भाजपा नेता मनोज वधवा और यमुनानगर के इनेलो से पूर्व विधायक के ठिकानों पर छापा मारा था। ईडी के अधिकारियों ने दिलबाग सिंह के कार्यालय, फैजपुर स्थित फार्म हाउस सहित अन्य कारोबारी संजीव बिट्टा, इंद्रपाल सिंह बब्बल के घर और अन्य ठिकानों पर छापा मारा था। अभय चौटाला के समधी इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह का खनन और माझा ट्रांसपोर्ट के नाम से बड़ा कारोबारी नेटवर्क है। उनका नेटवर्क हरियाणा के अलावा राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर फैला है। यह छापे अवैध खनन और मनी लॉन्ड्रिंग के सिलसिले में मारे गए। 2022 में भी पूर्व विधायक के निवास पर आयकर विभाग ने छापा मारा था।

कौन हैं दिलबाग सिंह
दिलबाग सिंह इंडियन नेशनल लोकदल के पूर्व विधायक हैं। वह दो बार 2009 और 2014 में यमुनानगर से आईएनएलडी के विधायक रह चुके हैं। हालांकि, 2019 में उन्हें बीजेपी के घनश्याम दास ने करीब 1400 वोटों के अंतर से हरा दिया था। सिंह ने 1994 में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातक किया है। उनका ट्रांसपोर्ट और माइनिंग का कारोबार है। 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनावों में दिलबाग सिंह राज्य के सबसे अमीर उम्मीदवारों में से एक थे। दिलबाग सिंह ने अपने चुनावी हलफनामे में 34 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की थी। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, सिंह पर हत्या की कोशिश का मुकदमा लंबित है।
चौटाला परिवार से रिश्ता
दिलबाग सिंह हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के बेटे और आईएनएलडी नेता अभय सिंह चौटाला के समधी हैं। दिलबाग सिंह ने अपनी बेटी की शादी अभय सिंह चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला से की है। (एएमएपी)








