इस समय देश की निगाहें पेरिस ओलम्पिक्स पर टिकी हुई हैं। इसी बीच लोगों ने आमिर खान से ‘दंगल 2’ पर काम करने की गुजारिश करनी शुरू कर दी है।

आमिर खान की फिल्म दंगल बॉलीवुड की सबसे हिट प्रोजेक्ट्स में से एक है। इस फिल्म के जरिए आमिर खान ने बॉलीवुड को हिलाकर रख दिया था। लोग आज भी फोगाट बहनों को भुला नहीं पाए हैं। इसी बीच लोगों ने अब ‘दंगल 2’ की मांग करनी शुरू कर दी है। इन दिनों पेरिस में ओलंपिक्स का आयोजन किया जा रहा है।

विनेश फोगाट ने महिला कुश्ती के 50 किग्रा वर्ग में सेमीफाइनल में जीत हासिल करके इतिहास रच दिया। लोग विनेश फोगाट की जीत का जश्न मना रहे थे।लेकिन फाइनल मुकाबले के ठीक पहले एक स्तब्धकारी घटना हो गयी। इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल की प्रबल दावेदार मानी जा रही भारत की स्टार पहलवान विनेश फोगाट को सिर्फ 100 ग्राम ओवरवेट होने की वजह से डिसक्वालीफाई कर दिया गया। पूरा देश मायूस हो गया। लेकिन फाइनल तक पहुँचने की उपलब्धि हासिल करने वाली विनेश फोगाट पहली भारतीय महिला बन गईं। हालांकि ओलम्पिक से वह बिना कोई पदक लिए ही वापसी करेंगी। जबकि अगर वह फाइनल मुकाबला खेलकर अगर हार भी जातीं तो कम से कम रजत पदक तो पक्का था।

विनेश फोगाट के फैंस ने नितेश तिवारी को टैग करना शुरू कर दिया। लोग दावा कर रहे हैं कि नितेश तिवारी की कहानी दंगल 2 बनाने के लिए पूरी तरह से परफेक्ट है। नितेश तिवारी के बारे में बात करते हुए एक यूजर ने लिखा, हैलो नितेश तिवारी सर दंगल 2 की स्क्रिप्ट तैयार करो…जल्दी…। एक दूसरे यूजर ने लिखा, मैं दंगल 2 का इंतजार थिएटर में बैठकर कर रहा हूं। थिएटर कर्मचारी डरे हुए हैं और मुझे वहां से चले जाने के लिए कह रहे हैं क्योंकि अभी तक फिल्म की घोषणा नहीं हुई है, कलाकारों का चयन नहीं हुआ है, टीम का कोई अता पता नहीं है, लेकिन मैं बहुत देर से यहीं बैठा हुआ हूं।

गौरतलब है कि एक जमाने में नितेश तिवारी की दंगल ने विश्व स्तर पर 2000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई थी। फिल्म में आमिर खान के अलावा फातिमा सना शेख, सान्या मल्होत्रा, जायरा वसीम, सुहानी भटनागर और साक्षी तंवर जैसे सितारे नजर आए थे। विनेश फोगाट की कहानी भी किसी फिल्स से कम नहीं है।

विनेश फोगाट का फाइनल तक का सफर किसी असाधारण से कम नहीं रहा है। उन्होंने 16वें राउंड में विश्व की नंबर एक और गत चैंपियन जापान की युई सुसाकी पर शानदार जीत के साथ शुरुआत की थी। जिसके बाद विनेश फोगाट ने क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की ओक्साना लिवाच के खिलाफ जीत दर्ज कर डाली। लाख विवादों का सामना करने के बावजूद पेरिस ओलंपिक में फोगाट का प्रदर्शन शानदार रहा है।