पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहने के अलावा उन्होंने बिहार और त्रिपुरा के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला था। केशरी नाथ त्रिपाठी इलाहाबाद हाईकोर्ट के सीनियर एडवोकेट और संविधान विशेषज्ञ थे। इसके अलावा 2004 में जौनपुर सीट से लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था। वहीं केशरी नाथ त्रिपाठी यूपी विधानसभा में कई बार स्पीकर के पद पर भी रहे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण सांगठनिक पदों की जिम्मेदारी निभाई है।
पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल तथा प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित अन्य ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जारी एक संदेश में कहा है कि केशरी नाथ त्रिपाठी एक वरिष्ठ और अनुभवी राजनेता थे। वे संसदीय नियमों, परम्पराओं और विधि के गहरे जानकार के साथ-साथ एक विद्वान अधिवक्ता और संवेदनशील साहित्यकार भी थे। उनके निधन से समाज की अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता, पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल, उप्र के गौरव, हम सभी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक पं. केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन से अत्यंत दुःखी हूँ। भारतीय जनसंघ से भाजपा तक जीवन भर कार्य करने वाले पंडित जी का निधन पार्टी व राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज में होने वाला कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।(एएमएपी)



