– प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद

उल्लेखनीय है कि रविवार दोपहर नवी मुंबई के खारघर में राज्य सरकार की ओर से महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया था। समाजसेवक अप्पासाहेब धर्माधिकारी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हालांकि कार्यक्रम के बाद यहां गर्मी से परेशान लोग बीमार होने लगे थे। रविवार को देर रात तक इस घटना में भीषण गर्मी से 11 लोगों की मौत हो गई थी। सोमवार को सुबह कल्याण के निवासी एक व्यक्ति की एमजीएम अस्पताल में मौत हो गई। इस घटना में मरने वालों में से 8 महिलाएं और 4 पुरुष हैं। मृतकों में महेश नारायण गायकर (42), जयश्री जगन्नाथ पाटिल (54), मंजूषा कृष्ण भोंबांडे (51), स्वप्निल सदाशिव केनी (30), तुलसीराम भाऊ वांगड ( 58 ), कलावती सिद्धराम वैचल (46), भीमा कृष्ण साल्वी (58), सविता संजय पवार (42), पुष्पा मदन गायकर (64), वंदना जगन्नाथ पाटिल (2), विनायक हलदणकर और एक अन्य के रूप में की गई है। इन सभी के शव उनके आश्रितों को दे दिए गए हैं। एक अन्य शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
इस घटना के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अस्पताल में जाकर बीमार लोगों से मिले और उनके इलाज के लिए सचिव स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी दी है। इसके बाद विधानसभा ने नेता प्रतिपक्ष अजीत पवार, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे पार्टी ) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, विधानपरिषद के नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे भी अस्पताल पहुंचकर बीमार लोगों से मुलाकात की है। अजीत पवार ने कहा कि यह राजनीति का वक्त नहीं है। सर्वप्रथम मृतकों के दाह संस्कार और बीमार लोगों के उचित इलाज पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

महाराष्ट्र के 10 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार
मौसम विभाग के मुताबिक महाराष्ट्र में भीषण गर्मी पड़ रही है। अप्रैल में बीते कुछ दिनों से महाराष्ट्र के कम से कम 10 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया है। चंद्रपुर में सबसे ज्यादा 43.2 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया। हालांकि दक्षिण मुंबई अन्य हिस्सों के मुकाबले कम गर्म रही है। यहां तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहा है।(एएमएपी)



