लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में अहम बदलाव किया है। करीब 10 साल से दिल्ली की राजनीति में हाशिए पर चली गई कांग्रेस पार्टी ने शीला दीक्षित सरकार में मंत्री रहे अरविंदर सिंह लवली को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। उन्हें अनिल चौधरी की जगह कमान दी गई है। अरविंदर को कप्तान बनाए जाने से कांग्रेस को पुराने अच्छे दिन लौटने की आस होगी, जिनकी दिल्ली की राजनीति पर मजबूत पकड़ है।पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लवली को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। लवली ने चौधरी अनिल कुमार का स्थान लिया है। अनिल कुमार ने मार्च 2020 में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। शीला दीक्षित की सरकार में बतौर मंत्री कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालने वाले लवली इससे पहले दिसंबर 2013 से फरवरी 2015 तक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

लवली को कप्तान बनाना क्यों अहम?
अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली में कमान देना कांग्रेस का अहम कदम माना जा रहा है। लवली दिल्ली कांग्रेस के मजबूत सिपाही हैं और शीला दीक्षित सरकार में ताकवर मंत्री रहे हैं। लवली सिख समुदाय से आते हैं और जिसका दिल्ली की राजनीति पर खास प्रभाव है। पूर्व मंत्री और अध्यक्ष के रूप में दिल्ली में उनकी पहचान है और कार्यकर्ताओं के बीच पकड़ है। (एएमएपी)



