प्रयागराज महाकुम्भ में जाने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात ट्रेन में चढ़ने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भारी भीड़ की वजह से भगदड़ मच गई और बड़ा हादसा हो गया। ख़बरों के अनुसार इस हादसे में 18 लोगों की मृत्यु हो गई है, जबकि 12 लोग घायल हैं। घायलों में से 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में घायल लोगों को लोकनायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती किया गया है। एलएनजेपी अस्पताल ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। हेल्पलाइन नंबर 9873617028 और 011 23501207 पर फोन कर लोग हादसे में घायल हुए अपने परिजनों की जानकारी ले सकते हैं।
प्लेटफार्म संख्या 14 और 15 पर प्रयागराज (जहां महाकुंभ का आयोजन किया गया है) जाने वाली ट्रेन पर सवार होने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। भगदड़ के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस भयावह घटना के बाद स्टेशन पर यात्रियों का सामान यहां-वहां बिखरा पड़ा था और मदद के लिए लोग चिल्ला रहे थे। रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ के दौरान वहां मौजूद रहे कुलियों ने बताया कि उन्होंने हाथगाड़ियों पर शवों को ढोया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोगों ने धक्का-मुक्की की; जो गिर गए, वे कुचले गए।
इस घटना से एक ओर जहां रेलवे प्रशासन पर कई सवाल उठ रहे हैं तो वहीं घटना से कुछ देर पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टेशन पर कितनी अधिक भीड़ है और वहां मौजूद सभी लोग हर्षोल्लास के साथ जयकारे लगाते हुए नजर आ रहे हैं। सभी लोग प्रयागराज जाने के लिए उत्साहित दिख रहे हैं लेकिन उन्हें भी कहां अंदेशा था कि कुछ मिनटों में स्टेशन पर भगदड़ मच जाएगी।
रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुलाकात की।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे के संबंध में रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी व अन्य संबंधित अधिकारियों से बात की। दिल्ली के उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात कर सभी को हर संभव सहायता पहुँचाने के निर्देश दिए। इस दुर्घटना में जान गँवाने वाले लोगों के परिवारजनों के…
— Amit Shah (@AmitShah) February 15, 2025
रेलवे की ओर से इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस हादसे को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रेल भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की है। रेलवे ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की जांच के लिए समिति गठित की है। समिति के दो सदस्यों के नाम रविवार को घोषित किए। उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक नरसिंह देव और उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त पंकज गंगवार क समिति का सदस्य बनाया गया है।
भगदड़ के बाद प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित करने के आदेश दे दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना की रविवार को जांच शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों ने जानकारी दी कि सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर यह पता लगाया जाएगा कि अफरातफरी क्यों मची।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत होने के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’