दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इंडिया गठबंधन एकजुट हो गया है। इंडिया गठबंधन ने अब दिल्ली में मेगा रैली का ऐलान किया है। 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन महारैली करने जा रहा है। बता दें कि दिल्ली के कथित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया है। आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। अब इंडिया गठबंधन के नेताओं ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद एकजुटता दिखाते हुए रामलीला मैदान में मेगा रैली आयोजित करने की बात कही है।आम आदमी पार्टी और दिल्ली कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने गठबंधन के अन्य घटकदलों के नेताओं के साथ रविवार को दिल्ली में पत्रकार वार्ता के दौरान इसकी घोषणा की। आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जांच एजेंसी का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने के लिए कर रही है। उन पर फर्जी मामले बनाकर उन्हें फंसा रही है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राजद नेता तेजस्वी यादव को भी केंद्र की एजेंसियां परेशान कर रही हैं। राय ने कहा कि हम इस संबंध में संबंधित विभागों से अनुमति मांग रहे हैं। अगर हमें रैली की अनुमति नहीं दी गई तो यह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी होगा। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में पूरी दिल्ली इकट्ठी होगी।

दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा इंडिया गठबंधन 31 मार्च को रामलीला मैदान में ‘महा रैली’ का आयोजन कर रही है। यह अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। विपक्ष को एकतरफा हमलों का सामना करना पड़ रहा है। आप नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि रामलीला मैदान एक ऐतिहासिक जगह है। देश के बड़े-बड़े आंदोलन रामलीला मैदान में हुए, आम आदमी पार्टी का उदय रामलीला मैदान से हुआ है… इसमें (महा रैली) इंडिया गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे और देश को, विश्व को संदेश देंगे।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। एक मुख्यमंत्री को पहली बार गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस के खाते सील किए गए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। हम मजबूती के साथ इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगियों के साथ हैं। 31 मार्च को बड़ी रैली दिल्ली में इंडिया गठबंधन करेगा। यह राजनीतिक रैली नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के आह्वान के लिए होगी। देश के लोगों को बताया जाएगा कि अपने पुरखों कुर्बानी को जाया न जाने दें। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल को आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार रात को गिरफ्तार किया था। उसके बाद से ही विपक्षी नेता एकजुट होकर सरकार को इस मुद्दे पर घर रहे हैं।(एएमएपी)