दिल्ली में गरमाई सियासत, संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आप-भाजपा में तनातनी
दिल्ली में कथित शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी के एक और बड़े नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद राजधानी का सियासी पारा हाई है। संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आप और भारतीय जनता पार्टी में आपसी घमासान छिड़ गया है। एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी ने गिरफ्तारी के खिलाफ संग्राम छेड़ दिया है तो दूसरी तरफ भाजपा ने भी सड़कों पर उतरकर आप के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है। दोनों ही दलों ने एक दूसरे के खिलाफ बड़े प्रदर्शन की तैयारी की है। संजय सिंह के समर्थन में उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जुटे हैं। संजय सिंह को बुधवार को ईडी की छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया।
आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे भाजपा नेता
भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली यूनिट के नेता राजघाट पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के दूसरे नेताओं की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करने आए हैं। एक तरफ भाजपा नेता आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं तो दूसरी तरफ आप के नेता भाजपा पर बदले की राजनीति के आरोप लगा रहे हैं। दोनों तरफ से सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। दिल्ली में 2021-22 की आबकारी नीति में घोटाले का आरोप है। ईडी और सीबीआई का दावा है कि दिल्ली में शराब कारोबारियों को गलत तरीके से फायदा पहुंचाया गया और बदले में उनसे रिश्वत ली गई।
2020 में संजय सिंह और दिनेश अरोड़ की मुलाकात हुई थी : पात्रा
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा का कहना है कि 2022 में दिल्ली शराब घोटाले में सीबीआई ने केस दर्ज किया था। इस घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग की गई थी, इसलिए ईडी ने भी केस दर्ज किया था। मनीष सिसोदिया, मामले से जुड़े कुछ अधिकारी, कुछ कारोबारी जेल में हैं। गिरफ्तार किए गए कारोबारियों में से एक का नाम दिनेश अरोड़ा है। उसने कहा था कि वह सरकारी गवाह बनेगा। सरकारी गवाह बनकर उसने खुलासा किया कि 2020 में संजय सिंह की उनसे मुलाकात हुई थी।
आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तार पर गुरुवार की सुबह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हमला बोला। दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले पर पात्रा का कहना है कि आप सांसद संजय सिंह को कल शराब घोटाला मामले में ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। खुलेआम भ्रष्टाचार करना आप का चरित्र है और जब पकड़े जाते हैं. वे इस पर राजनीति शुरू कर देते हैं।
ईडी ने अपनी चार्जशीट में क्या आरोप लगाए?
आरोपी दिनेश अरोड़ा को केस में मुख्य कड़ी माना जा रहा है। ईडी ने अपनी चार्जशीट में आरोप लगाया था कि दिनेश अरोड़ा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की थी। इस बैठक में संजय सिंह भी मौजूद थे। दिनेश अरोड़ा ने पूछताछ के दौरान बताया था कि वह सबसे पहले एक कार्यक्रम में संजय सिंह से मिला था। इसके बाद वह मनीष सिसोदिया के संपर्क में आया। चार्जशीट के मुताबिक, संजय सिंह के कहने पर दिनेश अरोड़ा ने दिल्ली में आगामी चुनावों के लिए पार्टी फंड इकट्ठा करने के लिए कई रेस्तरां मालिकों से बात की। इतना ही नहीं उसने 32 लाख रुपये का चेक भी सिसोदिया को सौंपा। ईडी ने यह भी आरोप लगाया है कि संजय सिंह ने दिनेश अरोड़ा का एक मुद्दा सुलझाया जो एक्साइज विभाग के पास लंबित था।
जो सिसोदिया के साथ वही संजय सिंह के साथ दोहराया : आप
दिल्ली शराब घोटाला मामले में संजय सिंह की गिरफ्तारी पर दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी का कहना है, “इस जांच में ईडी और सीबीआई ने पिछले 15 महीनों से 500 से ज्यादा अधिकारियों को तैनात किया है। इन अधिकारियों ने हजारों जगहों पर छापेमारी की है, लेकिन उन्हें किसी भी भ्रष्टाचार का कोई सबूत नहीं मिला। वे अदालत में कोई सबूत पेश नहीं कर पाए। उन्होंने मनीष सिसोदिया के कार्यालय और आवास पर छापा मारा, वहां कुछ भी नहीं मिला, लेकिन भाजपा को किसी सबूत की ज़रूरत नहीं है। बिना किसी सबूत के भ्रष्टाचार का सबूत, मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया। अब वही कहानी संजय सिंह के साथ दोहराई जा रही है। (एएमएपी)