
राहुल गांधी ने की अपमानजनक टिपण्णी: प्रहलाद जोशी
प्रहलाद जोशी ने दावा किया कि पूरे देश में राहुल गांधी को लेकर आक्रोश है। उन्होंने विदेशी धरती पर संसद का अपमान किया है। भारत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन विदेशी शक्तियों से हस्तक्षेप की मांग करने से बड़ा कोई अपराध नहीं हो सकता। जिस भारत को पूरी दुनिया लोकतंत्र की जननी के रूप में देखती है, उसके लिए राहुल गांधी ने गंभीर अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्हें माफी मांगनी ही चाहिए।
गोयल ने भी घेरा

पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल गांधी जरा भी जाहिर नहीं कर रहे हैं कि वह माफी मांगना चाहते हैं। वह ऐसे व्यवहार कर रहे हैं, मानों देशभक्ति का कोई महान कार्य करने के बाद भारत लौटे हों। इससे उनकी और उनकी पार्टी की सोच जाहिर होती है। अगर मामले में माफी मांगना चाहते हैं तो लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से लिखित रूप में इसके लिए समय मांगें।
प्रहलाद जोशी ने इस सवाल पर कि अगर कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी बात पर अड़ी रहती है तो क्या सत्र हंगामे की भेंट चढ़ जाएगा, कहा कि उनको ऐसा नहीं लगता है। वह केवल माफी मांगने को कह रहे हैं। अन्य दलों का भी मानना है कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
शिवराज ने भी राहुल को घेरा
उधर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी गुरुवार को राहुल गांधी पर हमला बोला। ट्वीट कर कहा कि जब मनमोहन सिंह हमारे प्रधानमंत्री थे, तब मैं अमेरिका गया था। वहां जब हमारे प्रधानमंत्री पर सवाल उठाया गया था तो मैंने कहा था कि हमें अपने प्रधानमंत्री पर गर्व है। वे हमारे गौरव हैं।(एएमएपी)



