राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में कहा-‘ समस्त नागरिकों की तरफ से मैं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 154वीं जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। सत्य और अहिंसा संबंधी गांधी जी के आदर्शों ने विश्व के लिये एक नया मार्ग प्रशस्त किया। गांधी जी ने जीवन भर न केवल अहिंसा का पालन किया, बल्कि उन्होंने स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और किसानों के अधिकारों के लिये आवाज उठाई तथा अस्पृश्यता, सामाजिक भेदभाव व निरक्षरता के विरुद्ध संघर्ष किया।’

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा-‘महात्मा गांधी के सत्य (सत्याग्रह) और अहिंसा के सिद्धांतों ने भारत की स्वतंत्रता के लिए औपनिवेशिक शासन के खिलाफ संघर्ष में मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। स्वतंत्रता और समानता के लिए उनके द्वारा किए गए निरंतर प्रयास न केवल भारत बल्कि पूरे वैश्विक समुदाय के लिए एक न्यायपूर्ण और सामंजस्यपूर्ण समाज की स्थापना में प्रकाश स्तंभ की तरह हैं।’
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी और दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने विजयघाट पहुंचकर लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की। खड़गे पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देने विजय घाट भी गए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बापू को याद करते हुए एक्स पर लिखा कि सत्य, अहिंसा और सौहार्द का रास्ता, भारत को जोड़ने का रास्ता महात्मा गांधी ने ही दिखाया था। बापू को उनकी जयंती पर शत-शत नमन।

राहुल ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी याद किया। उन्होंने कहा कि ”जय जवान, जय किसान” के नारे से शास्त्री जी ने देश के दो बड़े तपस्वी वर्गों को सशक्त करने का काम किया। शास्त्री का दिखाया रास्ता हमें भारत के हर मेहनती नागरिक को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रेरित करता है।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि एक प्रकाश, जिसने दुनिया को शांति और सौहार्द का रास्ता दिखाया। एक विचार, जिसने सत्य और अहिंसा को मानवता का सबसे ताकतवर हथियार बनाया। एक आदर्श, जिसने स्वतंत्रता, समानता और समन्वय के बीज बोए। महात्मा गांधी का दिखाया सत्य, अहिंसा और सौहार्द का मार्ग ही शांति और तरक्की ला सकता है। वह बापू की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन करती हैं। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने संसद परिसर में भी वरिष्ठ नेताओं के साथ गांधी और शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।(एएमएपी)



