डायमंड हार्बर से अभिषेक बनर्जी तो आसनसोल से शत्रुघ्न सिन्हा लड़ेंगे चुनाव

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 42 उम्मीदवारों के नाम हैं। हालांकि, सूची में सबसे चौंकाने वाला नाम भारत के पूर्व क्रिकेट यूसुफ पठान का है। यूसुफ को तृणमूल कांग्रेस ने बहरामपुर से टिकट दिया है। वह कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरेंगे। मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और अभिषेक बनर्जी ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। इस घोषणा के साथ ही यह बात स्पष्ट हो चुकी है कि यहां पर ममता ने विपक्षी गठबंधन के लिए कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी है।

यूपी में अखिलेश से चल रही बात : ममता

इससे पहले कोलकाता में रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने ऐलान किया कि तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने ब्रिगेड परेड ग्राउंड में कहा कि देश किस दिशा में चलेगा यह बंगाल तय करेगा… बंगाल ही देश को रास्ता दिखाएगा। इसके अलावा उन्होंने असम और मेघालय में भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया। ममता ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस उत्तर प्रदेश में एक लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव से बातचीत कर रही है।

बंगाल में एनआरसी लागू नहीं करने देंगे

इससे पहले ममता बनर्जी ने रैली को संबोधित करते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट के अभिजीत गंगोपाध्याय पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं न्यायपालिका का सम्मान करती हूं, लेकिन कुछ न्यायाधीश भाजपा के एजेंट के रूप में काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हम भाजपा को बंगाल में कभी एनआरसी लागू करने या खुले निरुद्ध शिविर खोलने नहीं देंगे। ममता ने कहाकि प्रधानमंत्री को पश्चिम बंगाल के खिलाफ आरोप लगाने से पहले अधिकारियों से तथ्यों की पुष्टि करनी चाहिए।

मिमी चक्रवर्ती भी गायब, महुआ मोइत्रा का सूची में नाम

टीएमसी की सूची में महुआ मोइत्रा का नाम तो शामिल है, लेकिन नुसरत जहां का नाम काट दिया गया है। इसके अलावा मिमी चक्रवर्ती का नाम भी लिस्ट गायब है। सबसे ज्यादा चर्चाओं में रहने वालीं टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा कृष्णानगर से चुनाव लड़ेंगी। ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का नाम भी इस सूची में शामिल है। वह डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा टीएमसी ने एक बार फिर आसनसोल सीट से शत्रुघ्न सिन्हा को ही उतारा है। जबकि इस बार भाजपा ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। यानी दो बिहारी स्टारों की यहां टक्कर तय है। ऐसे में मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है। इस सीट से भाजपा के टिकट पर बाबुल सुप्रियो लोकसभा चुनाव 2019 में जीते थे, लेकिन वो टीएमसी में आ गए और 2021 में विधानसभा चुनाव जीतकर वो ममता मंत्रिमंडल में शामिल हो गए थे। वहीं उपचुनाव में शत्रुघ्न सिन्हा यहां से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल को करीब तीन लाख वोटों के भारी अंतर से हराया था। (एएमएपी)