चीन में शादियां 2022 में रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गईं। डेटा में पिछले एक दशक में शादियों में लगातार गिरावट को दिखाया गया है। देश में कड़े कोविड लॉकडाउन के चलते वैवाहिक आंकड़ों पर असर पड़ने की संभावना है। नागरिक मामलों के मंत्रालय की वेबसाइट पर इसे लेकर कुछ आंकड़े शेयर किए गए हैं। इससे पता चलता है कि पिछले साल केवल 68.3 लाख कपल्स ने अपना विवाह रजिस्ट्रेशन कराया। पिछले साल की तुलना में यह संख्या करीब 8 लाख तक कम है।
राजधानी बीजिंग समेत देश के अन्य शहरों में पिछले साल जीरो कोविड पॉलिसी लागू थी। इसके चलते करोड़ों लोग हफ्तों तक अपने घरों में बंद रहे। माना जा रहा है कि विवाहितों की संख्या में आई गिरावट का यह बड़ा कारण हो सकता है। यह खबर ऐसे वक्त सामने आई है जब चीन पहले से ही घटती जन्म दर और गिरती जनसंख्या का सामना कर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि 2022 में चीन की आबादी में छह दशक बाद पहली बार गिरावट देखी गई। यह गिरावट की लंबी अवधि की शुरुआत हो सकती है, जिसका देश की अर्थव्यवस्था और दुनिया पर असर पड़ सकता है।
जन्म दर में गिरावट से भी परेशान चीन

भारत ने जनसंख्या के मामले में चीन को छोड़ा पीछे
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, भारत की आबादी बढ़कर 142.86 करोड़ हो गई है। चीन को पीछे छोड़ भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन गया है। संयुक्त राष्ट्र के विश्व जनसंख्या ‘डैशबोर्ड’ (मंच) के अनुसार, चीन की आबादी 142.57 करोड़ है। भारत की 25 प्रतिशत जनसंख्या 0-14 (वर्ष) आयु वर्ग की, 18 प्रतिशत 10 से 19 आयु वर्ग, 26 प्रतिशत 10 से 24 आयु वर्ग, 68 प्रतिशत 15 से 64 आयु वर्ग की और 7 प्रतिशत आबादी 65 वर्ष से अधिक आयु की है। विभिन्न एजेंसियों के अनुसार, भारत की आबादी करीब 3 दशकों तक बढ़ते रहने की उम्मीद है। यह 165 करोड़ पर पहुंचने के बाद ही घटना शुरू होगी।(एएमएपी)



