लेफ्ट नेता का आरोप- कांग्रेस की वजह से केजरीवाल जेल में राहुल गांधी को भी खूब खरी-खरी सुनाई पिनाराई विजयन ने

आपका अख़बार ब्यूरो

रविवार को दिल्ली में इंडी गठबंधन ने विपक्ष की विरोध रैली की थी। उसके एक दिन बाद ही इंडी INDI गठबंधन में फिर घमासान मचा है। इंडी गठबंधन में शामिल सीपीआईएम के नेता और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विजयन ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कांग्रेस के कारण ही नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा की गई शिकायत के कारण ही केजरीवाल अब जेल में हैं। इस तरह दिल्ली के रामलीला मैदान से विपक्षी एकता का जोरशोर से ढिंढोरा पीटने के चौबीस घंटों के भीतर ही इंडी गठबंधन में दरार फिर से उभर आई है।

भाजपा नहीं, हमसे ही लड़ रहे राहुल

पिनाराई विजयन कोझिकोड में अपने चुनाव अभियान से पहले मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इंडी गठबंधन की जमकर परतें उघेड़ीं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की राजनीतिक समझ पर सीधा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वैसे तो कांग्रेस और सीपीआईएम दोनों ही इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं। लेकिन राहुल क्या कर रहे हैं उन्हें कुछ पता नहीं। उन्होंने कहा कि राहुल गाँधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। वो किसके खिलाफ लड़ रहे हैं। वो सीपीआई के उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में भाजपा को टक्कर कैसे देंगे।

केरल के मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि राहुल अब पार्टी के अध्यक्ष नहीं हैं, लेकिन कांग्रेस के बड़े नेता माने जाते हैं और वे वायनाड से हमारे खिलाफ ही चुनाव लड़ रहे हैं। राहुल सीपीआई की एनी राजा के खिलाफ खड़े हैं। इससे साफ हो जाता है कि वो भाजपा नहीं बल्कि हमारे ही खिलाफ हैं।

मणिपुर को लेकर भी विजयन ने राहुल गाँधी को जमकर घेरा और उनकी राजनीतिक समझदारी को निशाना बनाया। केरल के मुख्यमंत्री ने कहा, ”वह क्या कर रहे हैं? हम सभी जानते हैं कि मणिपुर में क्या हुआ और हम यह भी जानते हैं कि जब एनी राजा ने मणिपुर की घटनाओं के खिलाफ बोला तो उन पर दबाव डाला गया। क्या राहुल ने कुछ कहा?”