चीन बढ़ाएगा अपनी सेवानिवृत्ति की आयु, ड्रैगन पर मंडरा रहा एक बड़ा संकट

चीन में लोगों की बढ़ती उम्र और बुजुर्गों की बढ़ती संख्या से निपटने के लिए चरणबद्ध तरीके से रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाने पर विचार कर रहा है। चीन की सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने मंगलवार को चीन के मानव संसाधन मंत्रालय के एक वरिष्ठ विशेषज्ञ का हवाला देते हुए कहा कि चीन अपनी सेवानिवृत्ति की आयु को धीरे-धीरे और देश की तेजी से बढ़ती आबादी से निपटने के लिए चरणों में बढ़ाने की योजना बना रहा है।चाइनीज एकेडमी ऑफ लेबर एंड सोशल सिक्योरिटी साइंसेज के अध्यक्ष जिन वेइगैंग ने कहा कि चीन “सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाने के लिए प्रगतिशील, लचीले रास्ते को तलाश रहा है।” इसका मतलब है कि शुरुआत में इसमें कुछ महीनों की बढ़ोतरी होगी और बाद में इसे और बढ़ाया जाएगा।

युवाओं को कुछ साल ज्यादा काम करने होंगे

ग्लोबल टाइम्स ने जिन का हवाला देते हुए कहा, “शुरुआत में सेवानिवृत्ति की आयु के करीब आने वाले लोगों को कुछ महीनों के लिए और काम करना होगा, उसके बाद सेवानिवृत्ति लेनी होगी।” उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में युवाओं को कुछ साल अधिक काम करना पड़ सकता है, लेकिन उनका पोस्ट और ट्रांसफर का समय लंबा होगा।

चीन में अभी रिटायरमेंट की ये है उम्र

हालांकि, चीन ने अभी तक औपचारिक तौर पर रिटायरमेंट की उम्र में बदलाव की कोई घोषणा नहीं की है। वर्तमान में चीन में पुरुषों के रिटायरमेंट की उम्र 60, महिलाओं की 55 और कारखानों में काम करने वाली महिलाओं की 50 साल है। रिटायरमेंट की यह उम्र दुनिया में सबसे कम है।

रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाने की मजबूरी क्या

देश के नए प्रधानमंत्री ली कियांग ने कहा कि सरकार विवेकपूर्ण तरीके से नीति को लागू करने के लिए कठोर अध्ययन और विश्लेषण करेगी। बता दें कि चीन की 1.4 बिलियन की आबादी अब घटती जा रही है और लोगों की औसत उम्र बढ़ रही है। देश में युवाओं की संख्या भी घट रही है। यह चीन की उस एक नीति के कारण हुआ है, जो 1980 से 2015 तक चीनी दंपती को एक बच्चे तक सीमित करती है। चीन में बुजुर्गों की संख्या बढ़ने से पेंशन बजट पर दबाव बढ़ रहा है, जिससे नीति निर्माताओं के लिए स्थिति को संभालना कठिन हो रहा है।

2035 तक 40 करोड़ से ज्यादा होंगे 60 साल से ऊपर के लोग

एक अनुमान के मुताबिक, चीन में 2035 तक 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों की संख्या 28 करोड़ से बढ़कर 40 करोड़ से ज्यादा होने की उम्मीद है। यह संख्या ब्रिटेन और संयुक्त राज्य अमेरिका की कुल वर्तमान आबादी के बराबर है। चीन में औसत उम्र 1960 के दशक में लगभग 44 वर्ष थी, जो 2021 तक बढ़कर 78 वर्ष हो गई है। यह संयुक्त राज्य अमेरिका की तुलना में अधिक है।

अनुमान है कि चीन में साल 2050 तक औसत उम्र 80 वर्ष से अधिक हो सकती है। वर्तमान में हर सेवानिवृत्त व्यक्ति को पांच श्रमिकों के योगदान द्वारा पेंशन दी जाती है।(एएमएपी)

योगी सरकार ने कसा अपराधियों पर शिकंजा, 63 हजार से ज्यादा पर हुई गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई

अवैध रूप से अर्जित 2819 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त।

उत्तर प्रदेश में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ सरकार ने बताया कि 63 हजार से ज्यादा अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और 800 से अधिक अपराधियों के विरुद्ध रासुका (NSA) के तहत कार्रवाई की गयी है। योगी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर शनिवार को एक पुस्तिका जारी कर बताया कि अपराधियों की गैंगस्टर एक्ट के तहत 90 अरब 22 करोड़ 33 लाख रुपये की चल-अचल संपत्तियों को जब्त किया गया है।उसके मुताबिक, माफिया द्वारा अवैध रूप से अर्जित 2819 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गयी है। लोकभवन में आयोजित एक समारोह में मुख्‍यमंत्री आदित्‍यनाथ ने ‘छह वर्ष : सुशासन, विकास, रोजगार- डबल इंजन की सरकार’ शीर्षक से एक पुस्तिका का लोकार्पण किया जिसमें उपलब्धियों का ब्यौरा दिया गया है। पुस्तिका में कहा गया है कि 63055 अपराधियों के विरूद्ध गैंगस्टर एक्ट व 836 अपराधियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की गयी है।

इनकी है तस्वीर

इसमें महिला अपराध पर नियंत्रण से लेकर कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में किये गये विभिन्न प्रयासों को दर्शाया गया है। पुस्तिका के मुखपृष्ठ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फीता काटते तस्‍वीर प्रकाशित है। पुस्तिका में 10 से 12 फरवरी तक लखनऊ में हुए ‘वैश्विक निवेशक सम्मेलन’ का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि सम्मेलन में 35 लाख करोड़ रुपये के 20,652 निवेश समझौत हुए।

इसमें यह भी कहा गया कि किसानों को गन्‍ना मूल्‍य का दो लाख दो हजार 86 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से दो करोड़ 60 लाख किसानों को 52190 करोड़ रुपये दिये गये। इसमें बाढ़ से बचाव के लिए 266 परियोजनाएं पूर्ण करने के दावे के साथ अन्य योजनाएं सिलसिलेवार गिनाई गयी हैं। सहकारिता से समृद्धि, पशुधन संरक्षण, समाज कल्‍याण, खाद्य एवं रसद आदि मदों में भी सरकार ने अपनी उपलब्धियां गिनाई है।(एएमएपी)