पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा के नेतृत्व में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की शिष्टाचार भेंट, छठ महापर्व की तैयारियों और दिल्ली के विकास पर हुई चर्चा।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के पूर्वांचल मोर्चा, दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष श्री संतोष ओझा के नेतृत्व में मोर्चा के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए दिल्ली के समग्र विकास, पूर्वांचल समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों तथा आगामी छठ महापर्व की भव्य तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

मुलाकात के दौरान पूर्वांचल समाज की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक आस्था और छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल समाज के योगदान की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों को जनसेवा और सामाजिक उत्थान के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

पूर्वांचल की आस्था और संस्कृति का सम्मान सरकार की प्राथमिकता

इस अवसर पर भाजपा पूर्वांचल मोर्चा, दिल्ली प्रदेश के प्रदेश मंत्री आशीष पाण्डेय ने कहा कि पूर्वांचल समाज दिल्ली की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति का अभिन्न हिस्सा है। पूर्वांचलवासियों ने अपनी मेहनत, समर्पण और सांस्कृतिक मूल्यों से राजधानी के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, सामाजिक समरसता, स्वच्छता और सनातन संस्कृति की महान परंपराओं का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार पूर्वांचल समाज की आस्था, सम्मान और सांस्कृतिक परंपराओं को महत्व दे रही है। सरकार का यह सकारात्मक दृष्टिकोण पूर्वांचलवासियों के बीच विश्वास और उम्मीद को मजबूत करने वाला है।

केजरीवाल सरकार ने छठ पूजा और यमुना की सफाई के नाम पर पूर्वांचलवासियों को दिया धोखा: आशीष पाण्डेय

आशीष पाण्डेय ने पूर्ववर्ती अरविंद केजरीवाल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने वर्षों तक पूर्वांचलवासियों की धार्मिक आस्था और भावनाओं की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की व्यवस्थाओं और मां यमुना की सफाई के नाम पर बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन पूर्वांचल समाज की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य नहीं हुए।

पाण्डेय ने कहा कि पूर्वांचलवासियों के लिए छठ पूजा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि उनकी आत्मा, संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही आस्था का प्रतीक है। ऐसे पवित्र पर्व और मां यमुना की स्वच्छता को लेकर पूर्ववर्ती सरकार के रवैये ने समाज को निराश किया।

उन्होंने कहा कि इसके विपरीत मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए छठी मैया और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के सम्मान को प्राथमिकता दी है। सरकार द्वारा छठ महापर्व की तैयारियों, घाटों की व्यवस्थाओं, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिखाई जा रही गंभीरता सराहनीय है।

आशीष पाण्डेय ने कहा कि “पूर्वांचल समाज को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी आस्था का सम्मान और धरातल पर विकास चाहिए। हमें विश्वास है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार छठ महापर्व की गरिमा बनाए रखने, मां यमुना की स्वच्छता और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।”

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय संस्कृति को मिल रहा सम्मान

आशीष पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक आस्था के प्रति सम्मान की भावना को नई मजबूती मिली है। इसी सोच के साथ दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल मोर्चा का प्रत्येक पदाधिकारी समाज के हितों की रक्षा, जनसमस्याओं के समाधान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्वांचल समाज के सम्मान और दिल्ली के विकास के लिए संगठन सरकार के साथ मिलकर सकारात्मक भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का जताया आभार

आशीष पाण्डेय ने पूर्वांचल समाज की धार्मिक भावनाओं और छठ महापर्व की तैयारियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल समाज की एकता, सांस्कृतिक पहचान और सनातन परंपराओं का संरक्षण संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। छठी मैया की कृपा से दिल्ली विकास, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव के नए आयाम स्थापित करे, यही कामना है।