डॉ. गोविन्द सिंह के सीडी वाले बयान पर नरोत्तम मिश्रा तीखा हमला।

दरअसल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा था कि उनके पास भाजपा के कई नेताओं की अश्लील सीडी है। उन्होंने कहा कि आरोप लगाना हमारी संस्कृति नहीं है। हम ओछी राजनीति भी नहीं करते हैं। वरना हमारे पास भी भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं की सीडी है। इस पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें ललकारते हुए सीडी सार्वजनिक करने की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे को फंसाना, कांग्रेस का चरित्र है। नेता प्रतिपक्ष जैसे पद पर होने के बाद भी 24 घंटे झूठ बोलते हैं। लगातार समाज को गुमराह करना ही इनका काम है। लोगों को फंसाने का काम ही कांग्रेस करती रही है, यही कारण है कि पार्टी इस अवस्था में है। उन्होंने कहा कि यदि उनके पास कुछ हो तो उसे जनता के बीच लाएं। हम किसी प्रकार की चिंता नहीं करते हैं।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की चुनौती स्वीकार कर ली है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा को घर आने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मेरे निवास पर वीडी शर्मा आएंगे, फूल माला पहनाकर स्वागत करूंगा। सीडी दिखाऊंगा। सिर्फ सार्वजनिक तौर पर सीडी नहीं दिखाऊंगा। कई सीडी मेरे पास है। उन्होंने एफआईआर की बात पर कहा कि दम है तो मुझ पर केस दर्ज कराएं। मेरे पास पूरे साक्ष्य हैं। हाईकोर्ट में पेश करूंगा। मैं साधारण पार्टी कांग्रेस का कार्यकर्ता हूं। उन्होंने कहा कि मैं राजनीति में रहने के बाद भी कभी झूठ बोलने का आदी नहीं हूं। मैं किसी के चरित्र हनन की बात नहीं कर रहा। जब मेरे ऊपर टिप्पणी की गई, तो इस तरह की बात की। सीडी में जो चित्र हैं, जो हमें हमारे मित्रों ने दिए हैं, वो उन्हें दिखा दूंगा। ये बात जरूर है कि मेरी औकात नहीं है, लेकिन वीडी शर्मा की औकात है, ऐसी औकात वो बनाए रखें।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजनीति में 35-40 साल हो गए। मैंने खुद और परिवार के सदस्य के लिए राजनीतिक लाभ नहीं लिया। अगर मैंने कोई लाभ लिया हो, तो वीडी शर्मा महापुरुष हैं, सरकार में बैठे हैं, एक भी दस्तावेज हो तो दिखाएं, जिसमें मैंने कोई लाभ लिया हो। उनकी औकात जरूर है। उन्होंने नियम और कानून की धज्जियां उड़ाते हुए अपने ससुर को वाइस चांसलर नियुक्त कराया। इसके अलावा भी उन्हें कई आरोप लगाए।
नेता प्रतिपक्ष के न्यौते पर वीडी शर्मा ने कहा कि इस तरह की बातें एक जिम्मेदार राजनीतिक व्यक्ति द्वारा करना बहुत खराब मानता हूं। वे सदन में नेता प्रतिपक्ष हैं। ये कोई खेल नहीं है कि घर आ जाओ, दिखा देंगे…। किसी भी सामाजिक संगठन और व्यक्ति पर चारित्रिक आरोप लगाना अच्छा नहीं लगता। इतना हल्कापन और इस प्रकार की राजनीति कांग्रेस करती होगी, भाजपा नहीं करती। मैं फिर कहता हूं कि अगर आप जिम्मेदार हैं, अगर आपने ऐसा बोला है, तो समाज के सामने उन चीजों को लेकर आइए।
गृहमंत्री से मिलने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के बयान के कुछ समय बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह अचानक उनसे मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंच गए। दोनों नेताओं के बीच किस विषय पर और क्या बातचीत हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। इस मुलाकात के दौरान गृहमंत्री नरोत्तम ने नेता प्रतिपक्ष को बाबा महाकाल की एक तस्वीर भी भेंट की। (एएमएपी)



