
चीतों को बाड़े में निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से छोड़ा गया। इसके पीछे ग्लोबमास्टर का ग्वालियर एयरबेस पर कुछ देरी से आना था। इसलिए कूनो पहुंचने में भी चीतों को देरी हुई। बताया जा रहा है कि अभी इस बाड़े में 12 चीते क्वारंटीन रहेंगे। इसके बाद उन्हें इससे बड़े बाड़े में छोड़ा जाएगा। करीब डेढ़ महीने बाद चीतों को बड़े बाड़े में छोड़ा जाएगा। अफ्रीका से आए सभी 12 चीतों पर अभी विशेष नजर रखी जाएगी। उनकी हर गतिविधि को नोट किया जाएगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा था। अब दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते आने के बाद कूनो में चीतों की संख्या 20 हो गई है। यानी चीतों का कुनबा बढ़ गया है। सही मायने में अब प्रदेश चीता स्टेट बन गया है।
चीतों को देखने के लिए स्थानीय और बाहरी लोग कूनो नेशनल पार्क के गेट पर एकत्रित हुए, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। इससे लोग खासे निराश नजर आए। प्रबंधन ने लोगों के प्रवेश पर सुरक्षा कारणों से रोक लगाई है। कुछ दिन बाद कूनो नेशनल पार्क आम सैलानियों के लिए खोला जाएगा। तब सभी चीतों को देख सकेंगे।(एएमएपी)



