किताब में लिखा नेहरू के दादा दिल्ली के आखिरी मुगल कोतवाल थे, जबकि कोई कोतवाल हिंदू था ही नहीं।

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
1968 में एक फिल्म आई थी। उसमें हसरत जयपुरी का लिखा हुआ एक गाना है- पर्दे में रहने दो, पर्दा न उठाओ, पर्दा जो उठ गया तो भेद खुल जाएगा। सोनिया गांधी ने नेहरू परिवार के ऊपर से वह पर्दा उठा दिया है।
नेहरू परिवार के बारे में कई लोग कहते हैं कि ये परिवार दरअसल हिंदू है ही नहीं। हालांकि ऐसा कहने वालों को नेहरू परिवार का विरोधी बता दिया जाता है। इसे भाजपा और संघ का दुष्प्रचार बताया जाता है। लेकिन नेशनल अर्काइव्स में जो कुछ है, वह तो झूठ नहीं हो सकता। और सोनिया गांधी ने अपनी किताब में जो लिखा है, उसको कैसे झूठ मान लें? सोनिया गांधी ने लिखा है कि जवाहरलाल नेहरू के दादा गंगाधर नेहरू दिल्ली के आखिरी मुगल कोतवाल थे। अब इसमें तो कोई आश्चर्य की बात नहीं है। आखिरी मुगल कोतवाल होना भी कोई बुराई नहीं है। लेकिन बात उससे आगे जाती है। इतिहास के तथ्य इसकी गवाही नहीं देते कि गंगाधर नेहरू नाम का कोई मुगल कोतवाल था। इस बात के दो स्रोत हैं। पहला, नेशनल आर्काइव्स में लिखा है कि मुगलों के जो आखिरी दो कोतवाल थे उनमें एक का नाम मोइनुद्दीन हुसैन खान लोहारू और दूसरे का नाम सैयद मुबारक शाह खान था। कोई हिंदू कोतवाल नहीं था। दूसरा, मशहूर स्कॉटिश हिस्टोरियन विलियम डरपल अपनी किताब में लिखते हैं कि 1857 का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम फेल होने के बाद अंग्रेजों ने बड़े पैमाने पर मुगल अधिकारियों के कत्लेआम का अभियान शुरू कर दिया। अब यहीं से कहानी में नया मोड़ आता है। मोइनुद्दीन हुसैन खान लोहारू ने जान बचाने के लिए अपना नाम बदलकर गंगाधर नेहरू रख लिया। तो सोनिया गांधी ने यह लिखकर कि जवाहरलाल नेहरू के दादाजी दिल्ली के आखिरी मुगल कोतवाल थे, इस रहस्य से पर्दा उठा दिया है। उन्होंने यह तो माना है कि जो आखिरी मुगल कोतवाल थे, वे नेहरू के दादाजी थे, लेकिन उनका असली नाम गंगाधर नेहरू नहीं था। यह ऐतिहासिक तथ्य है और नेशनल आर्काइव्स में न केवल नाम मिलता है बल्कि फोटो भी मिलता है। दोनों मुगल कोतवालों के फोटोग्राफ देखकर ही आप कह सकते हैं कि वे मुसलमान थे। आधिकारिक दस्तावेजों में जो नाम है, उसको तो झुठलाया नहीं जा सकता। उनमें कहीं भी गंगाधर नेहरू नाम के मुगल कोतवाल का जिक्र ही नहीं आता। जाहिर है कि सोनिया गांधी को इस मुद्दे को लेकर दशकों से जो विवाद चल रहा है, उसके बारे में मालूम नहीं था या जिसने उनकी किताब लिखी है उसको मालूम था,लेकिन उसने जानबूझकर यह जाने दिया। ये लिखने की जरूरत नहीं थी। क्योंकि ये तो तुरंत फैक्ट चेक हो जाता कि दिल्ली के आखिरी मुगल कोतवाल कौन थे। अगर कोई हिंदू होता तो भी संदेह का लाभ मिलता कि नाम गलत लिखा है या बाद में नाम बदल लिया। आखिरी जो दो मुगल कोतवाल थे, वे दोनों मुसलमान थे। इसलिए बार-बार यह जो सवाल उठता है कि यह परिवार हिंदू नहीं है,वह एक तरह से प्रमाणित हो गया।
अब इस बात को दो और तथ्यों से जोड़कर देखिए। एक, नेहरू के जितने जीवनीकार इतिहासकार हैं,उनके लिए नेहरू का जीवन तब से शुरू होता है जब वह 11 साल के थे। नेहरू के उससे पहले के जीवन के बारे में कोई उल्लेख नहीं मिलता। उनका जन्म इलाहाबाद में हुआ, जो आज प्रयागराज है। लेकिन प्रयागराज के किस मोहल्ले में, किस घर में हुआ? आज तक आपने उस मकान का कोई चित्र देखा है, भले ही परिवार के कब्जे में वह मकान न हो। नेहरू के बचपन के बारे में कुछ नहीं बताया जाता। नेहरू की पढ़ाई-लिखाई भी देश में नहीं हुई। उनके जीवन का इतिहास इतिहासकारों की नजर में 11 साल की उम्र में शुरू होता है, जब वह कैंब्रिज पहुंचे। दूसरा तथ्य और चौंकाने वाला है। नेहरू परिवार का हर व्यक्ति आखिर बाबर की मजार पर क्यों जाता है? बाबर से इस परिवार का क्या रिश्ता है? जवाहरलाल नेहरू काबुल गए तो बाबर की मजार पर गए। यह बात नटवर सिंह ने लिखी है। उन्होंने यह भी लिखा है कि नेहरू के साथ इंदिरा गांधी भी गई थीं और काफी देर तक वहां रुकी रहीं। इंदिरा गांधी ने वहां से निकल कर कहा कि आज मुझे इतिहास का स्पर्श हुआ है। तो क्या इतिहास का यही स्पर्श था कि नेहरू जी के दादा जी के परिवार से बाबर का कोई रिश्ता था? बाबर में ऐसी क्या खास बात है जिसकी मजार पर नेहरू भी गए, इंदिरा गांधी भी गईं और राजीव गांधी भी गए। आखिर कोई तो कारण होगा। इसके बारे में कोई कुछ नहीं बताता। आप एक और बात पर ध्यान दीजिए। बाबर के सिपहसालार मीर बाकी ने अयोध्या में राम जन्मस्थान पर बने मंदिर को तोड़कर बाबरी मस्जिद बनवाई थी। वहां आज भगवान राम का भव्य मंदिर है। लेकिन जब रामलला टेंट में थे या आज जब भव्य मंदिर बन गया है, इस परिवार का कभी कोई सदस्य राम जन्मभूमि नहीं गया। परिवार के किसी सदस्य ने आजतक रामलला के दर्शन नहीं किए। क्यों? जो लोग बाबर की मजार पर जाते हैं, वे आखिर राम जन्मभूमि पर क्यों नहीं जाते? इस प्रश्न का उत्तर कोई नहीं देता। 1949 में जब उस विवादित ढांचे में मूर्तियां प्रकट हुईं, उस समय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री गोविंद वल्लभ पंत और देश के प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू थे। नेहरू बहुत नाराज हुए और पंत जी से कहा कि मूर्तियां वहां से हटवा दीजिए। पंत जी ने कहा, ये संभव नहीं है। कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत बिगड़ जाएगी। इस पर नेहरू ने कहा, मैं खुद लखनऊ आ रहा हूं। नेहरू लखनऊ पहुंचे और पंत जी से कहा कि मैं फैजाबाद जाऊंगा। पंत जी ने फैजाबाद के डीएम को फोन करके कहा कि प्रधानमंत्री फैजाबाद आना चाहते हैं। डीएम का जवाब था, प्रधानमंत्री जी से अनुरोध कीजिए कि वह न आएं। यहां पर धारा 144 लगी हुई है। थोड़ी देर बाद मुख्यमंत्री ने डीएम को फिर फोन किया और कहा कि प्रधानमंत्री आना ही चाहते हैं। तब डीएम ने मुख्यमंत्री से कहा कि प्रधानमंत्री जी को बताइए कि अगर वह फैजाबाद आएंगे तो मुझे उनको गिरफ्तार करना पड़ेगा। पंत जी ने यह बात नेहरू को बता दी। नेहरू बहुत नाराज हुए और झल्लाते हुए दिल्ली लौट गए। वह दिन और आज का दिन राम जन्मभूमि क्या, भगवान राम की वास्तविकता को कांग्रेस पार्टी ने स्वीकार नहीं किया।
विवादित ढांचे को गिरते हुए देखकर सोनिया गांधी के आंसू बहते हैं, लेकिन उनके आंसू की एक बूंद नहीं गिरी जब निर्दोष कारसेवकों पर मुलायम सिंह की सरकार ने गोली चलवाई। कहीं यह जिक्र नहीं है कि उन्हें निर्दोष कारसेवकों के मारे जाने का दुख हुआ। भगवान राम, सनातन संस्कृति, भारतीय सभ्यता से इस परिवार का 36 का आंकड़ा है। कांग्रेस शासित राज्य तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी कहते हैं, कांग्रेस मतलब मुसलमान, मुसलमान मतलब कांग्रेस। क्या कभी आपने किसी कांग्रेसी नेता या इस परिवार के किसी सदस्य को बोलते हुए सुना है कि कांग्रेस मतलब हिंदू, हिंदू मतलब कांग्रेस। जबकि ये हिंदू बहुल देश है। बाबर की मजार पर जाने वाले नेहरू ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का खूब विरोध किया और हरसंभव कोशिश की कि न बनने पाए। वह तो सरदार पटेल के सामने उनकी चली नहीं। जब सोमनाथ मंदिर का उद्घाटन हो रहा था, उस समय डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रपति थे। वह इस समारोह में जाना चाहते थे। नेहरू ने उनको लिखा कि आप मत जाइए। सेकुलर देश का राष्ट्रपति किसी धर्म के समारोह में क्यों जाएगा? इस पर डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि यह हमारी संस्कृति से जुड़ा मामला है। मैं जरूर जाऊंगा और गए। इसके बाद नेहरू ने इतना घटियापन दिखाया कि उस समय किसी समारोह में संवैधानिक पद पर बैठे हुए लोग जाते थे जैसे राष्ट्रपति तो पीआईबी से उनका भाषण अखबारों के लिए जारी होता था, पीआईबी को संदेश गया कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद का सोमनाथ में दिया गया भाषण रिलीज नहीं होना चाहिए। तो हिंदू धर्म के हर प्रतीक से इतनी नफरत कांग्रेस पार्टी और गांधी-नेहरू परिवार को क्यों है? और नफरत ही नहीं, यह परिवार सनातन संस्कृति को नष्ट होते हुए देखना चाहता है। कांग्रेस की सरकारों में मुस्लिम समाज के पक्ष में इतने कानून यूं ही नहीं बने हैं। प्लेसेस ऑफ वरशिप एक्ट में तो हिंदुओं से यह अधिकार भी छीन लिया गया कि अगर उनका धर्मस्थल तोड़ दिया गया है या जबरन कब्जा किया गया है तो उसके विरोध में वे अदालत जा सकें। तो इसीलिए चुप रहने से बहुत सी बातें छिपी रहती हैं। बोलने से रहस्य से पर्दा उठ जाता है। सोनिया गांधी ने इस परिवार के बारे में एक चर्चा जो अफवाह के रूप में थी, उसको सच्चाई के रूप में देश के सामने पेश कर दिया है। अब तथ्य आपके सामने है। आप फैसला कीजिए। किस पर भरोसा करें,किस पर न करें।
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)