सत्य से साक्षात्कार-2 

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
नियति भी अजब-गजब खेल करती है। कब किसको किसके खिलाफ कर दे, कब किसको कहां मिला दे, कुछ पता नहीं होता। आपको मालूम है कि ममता बनर्जी ने कांग्रेस क्यों छोड़ी? तीन लोगों के कारण प्रणब मुखर्जी, सोमेन मित्रा और प्रियरंजन दास मुंशी। इनमें भी सबसे ज्यादा वह प्रणब मुखर्जी से परेशान हुईं। ममता लेफ्ट के खिलाफ लड़ना चाहती थीं। वह योजनाएं, कार्यक्रम और आंदोलन की रूपरेखा बनाती थीं, लेकिन प्रणब मुखर्जी लेफ्ट को बता देते थे। इससे नाराज होकर उन्होंने 1998 में अपनी पार्टी बना ली।
अब आप देखिए नियति का खेल। 2012 में प्रणब मुखर्जी के राष्ट्रपति बनने का समय आया। उनको पता चल गया था कि सोनिया गांधी उनको प्रधानमंत्री कभी नहीं बनाएंगी और राष्ट्रपति बनने का यह आखिरी मौका है। उस समय उनकी मदद ममता बनर्जी और मुलायम सिंह यादव ने की। इन दोनों ने उनका समर्थन किया और सोनिया गांधी से मिले। सोनिया गांधी ने इनको बता दिया कि वह हामिद अंसारी को राष्ट्रपति बनाना चाहती हैं। इसके बाद इन दोनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सोनिया गांधी का पूरा कच्चा चिट्ठा खोल दिया। इसके अलावा दो उद्योगपतियों ने भी मदद की। एक ने एक राज्य के मुख्यमंत्री, जो अपनी पार्टी के मुखिया भी थे, का समर्थन जुटाया। दूसरे ने एक पार्टी के मुखिया, जो विधायक या सांसद नहीं थे, का समर्थन जुटाया। उसके अलावा जब कलाम साहब का नाम आगे नहीं बढ़ पाया तो भाजपा ने भी प्रणब मुखर्जी का समर्थन कर दिया क्योंकि वह भी नहीं चाहती थी कि हामिद अंसारी राष्ट्रपति बनें। तो प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति बन गए। उसके बाद 2016 से भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल का ऑपरेशन चला रही थी। किसी को कानों कान खबर नहीं थी। 7 जून 2018 को प्रणब मुखर्जी संघ के एक कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि बनकर नागपुर पहुंचे। बड़ा हल्ला मचा। कहा गया कि मोदी सरकार ने यह कांग्रेस को परेशान करने के लिए किया है। लेकिन मोदी यह सब नहीं कर रहे थे। मोदी और भाजपा ऑपरेशन पश्चिम बंगाल चला रहे थे। 2018 में नागपुर जाने के बाद प्रणब मुखर्जी को 2019 में भारत रत्न मिल गया। क्यों? क्योंकि भाजपा को मालूम था कि अगर पश्चिम बंगाल का किला भेदना है तो भद्रलोक के किले का दरवाजा खोलना होगा। प्रणब मुखर्जी उसके एक आइकन की तरह थे। तो उनको भारत रत्न देकर उनका कद और बढ़ा दिया और उसका नतीजा यह हुआ कि भद्रलोक में भारतीय जनता पार्टी के प्रति एक सॉफ्ट कॉर्नर आ गया और उसका नतीजा 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव में दिखा। तो भाजपा 2016 से ऑपरेशन पश्चिम बंगाल की तैयारी कर रही थी और उसके लिए प्रणब मुखर्जी का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा कई लोगों का इस्तेमाल किया,जैसे विभिन्न सरकारी पदों पर पश्चिम बंगाल के प्रबुद्ध लोगों की नियुक्ति हुई, लेकिन प्रणब मुखर्जी का नागपुर जाना एक तरह से मास्टर स्ट्रोक था जिसका असर 2026 के चुनाव नतीजे में देखने को मिला। ममता बनर्जी को भी समझ में नहीं आया कि प्रणब मुखर्जी नागपुर गए तो उसमें भाजपा का क्या खेल है। वह उसे सिर्फ सोनिया गांधी और प्रणब मुखर्जी के रिश्तों के संदर्भ में देख रही थीं। उनको भी समझ में नहीं आया कि भाजपा ने बहुत बड़ी चाल चल दी है। उसके बाद का काम ममता बनर्जी के कुशासन और उनके भतीजे के भ्रष्टाचार ने कर दिया। लेकिन मैं ये बता रहा हूं कि भारतीय जनता पार्टी किस तरह से लॉन्ग टर्म की प्लानिंग करती है। दूसरी बात 2016 में भारतीय जनता पार्टी को कोई फायदा क्यों नहीं मिला? उसका कारण है कि जनता यह कभी पसंद नहीं करती कि जिसको वह हटाना चाहती है उसकी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी पार्टी उसके साथ खड़ी नजर आए। 2014 के लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान नरेंद्र मोदी ने परेड ग्राउंड में कहा था कि आप पश्चिम बंगाल में दीदी और दिल्ली में मुझे चुनिए। आपके दोनों हाथ में लड्डू होंगे। भाजपा उसी दिन 2016 का चुनाव हार गई थी। लेकिन उसके कारण भाजपा की प्लानिंग रुकी नहीं। उसकी कोशिश जारी रही। 2018 और 2019 की ये दो घटनाएं पश्चिम बंगाल के भद्रलोक में भाजपा की पैठ का एक तरह से इनफ्लेक्शन पॉइंट बनीं और फिर चुनाव का सारा माहौल बदल गया और नतीजा आपके सामने है। तो नियति ऐसे खेल करती रहती है। (29 जून 2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)