सत्य से साक्षात्कार-1 

#pradepsinghप्रदीप सिंह ।
कोई नैरेटिव जो सत्य पर आधारित न हो, उसको बार-बार इस तरह से लोगों तक पहुंचाया जाए कि उसी को सच मानने लगें तो वह कमाल करता है। अब मैं आपसे एक प्रश्न पूछूं कि जवाहरलाल नेहरू देश के प्रधानमंत्री कब बने थे? आप कहेंगे, यह कैसा सवाल है? सबको पता है कि 2 सितंबर 1946 को माउंटबेटन ने उनको शपथ दिलाई थी। यह हमें पढ़ाया और बताया जाता रहा है। नेहरू 2 सितंबर 1946 को भारत के प्रधानमंत्री नहीं बने थे। फिर आप कहेंगे कि 15 अगस्त 1947 को बने थे। मैं कह रहा हूं कि उस दिन भी नहीं बने थे।
उसका कारण समझिए। इंडिपेंडेंस ऑफ इंडिया एक्ट में व्यवस्था की गई कि वायसराय की एक काउंसिल बनेगी। उसके चेयरमैन वायसराय होंगे और उसकी एक सलाहकार परिषद होगी। उस सलाहकार परिषद में मंत्री होंगे और उनकी सलाह पर वायसराय काम करेंगे। तो उस काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स में से एक थे जवाहरलाल नेहरू। उनको जो शपथ दिलाई गई थी,वह मंत्री की थी। प्रधानमंत्री पद की शपथ नहीं दिलाई गई। 15 अगस्त 1947 को उन्होंने बड़ा मशहूर भाषण दिया था- ट्रिस्ट विद डेस्टिनी। उससे पहले भी उनको वायसराय माउंटबेटन ने ही शपथ दिलाई थी क्योंकि उनको दोनों डोमिनियन स्टेट भारत और पाकिस्तान का संवैधानिक प्रमुख बनाया गया था। आप प्रसार भारती के आर्काइव्स में जाकर इसे देख सकते हैं। इसके लिए कोई ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। यह गूगल पर उपलब्ध है। जवाहरलाल नेहरू और वायसराय को बोलते सुन लीजिए। नेहरू साफ-साफ शब्दों में कह रहे हैं कि मैं मंत्री के रूप में शपथ ले रहा हूं, लेकिन कांग्रेस ने प्रचारित किया कि जवाहरलाल नेहरू 2 सितंबर 1946 को देश के पहले प्रधानमंत्री बन गए और फिर 1947 में जब देश का विभाजन हुआ तो उसके बाद फिर से उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। सवाल है कि उनको प्रधानमंत्री नियुक्त किसने किया? कोई नियुक्ति पत्र या कोई सरकार बनाने का आमंत्रण तो होगा? अभी व्यवस्था है कि जो सबसे बड़ा दल होता है, वह राष्ट्रपति के पास जाता है और राष्ट्रपति उसको सरकार बनाने का न्योता देते हैं तो वह प्रधानमंत्री डेजिग्नेट होता है। वह शपथ ले लेता है तो प्रधानमंत्री बनता है। नेहरू को न तो 1946 और न ही 1947 में प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। 13 मई 1952 को नेहरू ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उससे पहले तक वह प्रधानमंत्री नहीं केवल मंत्री थे। यह ठीक उसी तरह से है जैसे संविधान में उप प्रधानमंत्री या उप मुख्यमंत्री पद का कोई प्रावधान नहीं है, लेकिन लोग बनते हैं और अपने को लिखते भी हैं। उसी तरह से नेहरू 2 सितंबर 1946 से 12 मई 1952 तक अपने को प्रधानमंत्री लिखते और लिखवाते रहे जबकि वास्तव में थे नहीं। यह होती है नैरेटिव की ताकत। यह होती है झूठ को सच बनाने की रणनीति। आप मुझे कोई एक डॉक्यूमेंट दिखाइए जिसमें लिखा गया हो कि जवाहरलाल नेहरू को 2 सितंबर 1946 या 15 अगस्त 1947 को प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। न तो 1946 और न ही 1947 में कांग्रेस की कोई पार्लियामेंट्री पार्टी थी, जो उनको नेता चुनती। न ही उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया कि उनको प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई जाती। 1947 में भी उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ नहीं ली, लेकिन यह झूठ हमें पिछले 79 साल से पढ़ाया और बताया जा रहा है और हम इस पर विश्वास कर रहे हैं। कांग्रेस ने सत्य को छिपाने का यह काम किया है और मैं आपका साक्षात्कार इस सत्य से करा रहा हूं। आप भी इस पर रिसर्च कर सकते हैं। (28 जून 2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)