नई दिल्ली। दुनिया के शक्तिशाली देश कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में एक-दूसरे से आगे निकलने के लिए विशाल मॉडल, महंगे डेटा सेंटर और अरबों डॉलर के निवेश की प्रतिस्पर्धा में जुटे हैं। इस बीच भारत ने एआई विकास की एक ऐसी वैकल्पिक दिशा पर विचार शुरू किया है, जिसमें तकनीक भी स्वदेशी होगी और उसकी उपयोगिता और किफायत सबसे बड़ा पैमाना होगी।
दरअसल, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (आईआईटी मद्रास) के शोधकर्ताओं ने देश के लिए ऐसा एआई ढांचा प्रस्तावित किया है, जो कम कंप्यूटिंग क्षमता, सीमित बिजली, कम पानी और कम वित्तीय संसाधनों में अधिकतम सामाजिक एवं आर्थिक लाभ देने पर केंद्रित है। इस दृष्टिकोण के तहत भारत को अमेरिका और चीन की तरह अत्यधिक पूंजी निवेश वाले विशाल एआई मॉडल विकसित करने की होड़ में शामिल होने के बजाय अपनी जरूरतों के अनुरूप छोटे, विशिष्ट, बहुभाषी और संसाधन-कुशल एआई सिस्टम विकसित करने हैं।
दूसरी ओर भारतीय वैज्ञानिकों ने इसका उद्देश्य विदेशी एआई तकनीकों पर निर्भरता घटाने के साथ भारत को अपनी तकनीक डिजाइन करने, संचालित करने और नियंत्रित करने में सक्षम बनाना है। अब आईआईटी मद्रास के वधवानी स्कूल ऑफ डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (डब्ल्यूएसएआई) के शोधकर्ताओं का यह प्रस्ताव देश की भावी एआई नीति, डिजिटल आत्मनिर्भरता और तकनीकी निवेश की प्राथमिकताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके लिए सेंटर फॉर रिस्पॉन्सिबल एआई (CeRAI) की ओर से तैयार ‘भारत के लिए एक किफायती एआई ढांचा’ शीर्षक वाले श्वेत पत्र में एआई विकास के लिए तीसरा रास्ता प्रस्तुत किया गया है। शोधकर्ताओं का सुझाव है कि भारत अपनी इंजीनियरिंग क्षमता, मितव्ययी नवाचार और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के आधार पर स्वतंत्र मॉडल विकसित करने में सक्षम है। श्वेत पत्र का सबसे महत्वपूर्ण संदेश है कि बड़े एआई मॉडल हमेशा बेहतर नहीं होते। किसी विशेष काम के लिए जितनी तकनीकी क्षमता आवश्यक है, उससे कहीं अधिक संसाधन खर्च करने का कोई औचित्य नहीं है।
मसलन, सरकारी दस्तावेजों का वर्गीकरण, नागरिकों की स्थानीय भाषा में पूछताछ का जवाब, कृषि संबंधी सूचनाओं का प्रसार अथवा निर्धारित नियमों के आधार पर आवेदनों की प्रारंभिक जांच जैसे कार्य छोटे और विशिष्ट एआई मॉडल से किए जा सकते हैं। प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए विशाल जनरेटिव एआई मॉडल का इस्तेमाल करना आर्थिक और तकनीकी दृष्टि से जरूरी नहीं है।
इस संबंध में आईआईटी मद्रास के सेंटर फॉर रिस्पॉन्सिबल एआई के अनुसंधान निदेशक डॉ. गोकुल एस. कृष्णन ने कहा कि भारत को यह धारणा छोड़नी चाहिए कि बड़े एआई मॉडल हमेशा बेहतर होते हैं। उनके अनुसार, किसी भी कार्य के लिए सबसे पहले यह निर्धारित किया जाना चाहिए कि वहां एआई की वास्तव में जरूरत है या नहीं। इसके बाद उस काम को पूरा करने में सक्षम सबसे छोटे पर्याप्त मॉडल अथवा तकनीक का चयन होना चाहिए। उन्होंने कहा, जहां नियम आधारित प्रणाली, सूचना पुनर्प्राप्ति तकनीक या पारंपरिक मशीन लर्निंग पर्याप्त हो, वहां अनावश्यक रूप से महंगे जनरेटिव एआई मॉडल इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
बिजली-पानी की खपत से लेकर आर्थिक लागत तक का हिसाब
एआई की वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अब तक मॉडल की क्षमता, उसकी गति और बेंचमार्क प्रदर्शन को सफलता का प्रमुख आधार माना जाता रहा है। उल्लेखनीय है, बड़े मॉडल के प्रशिक्षण और संचालन में भारी कंप्यूटिंग क्षमता, जीपीयू, डेटा सेंटर, बिजली और शीतलन व्यवस्था की जरूरत पड़ती है। शीतलन प्रक्रिया में पानी की खपत भी पर्यावरणीय चिंता का विषय है। ऐसे में भारत जैसे देश के लिए एआई की सफलता का मूल्यांकन उसकी ऊर्जा खपत, संचालन लागत और वास्तविक सामाजिक उपयोगिता के आधार पर भी होना चाहिए।
आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामाकोटी ने कहा, “उपयोगी होने के लिए एआई को सब कुछ जानना आवश्यक नहीं है। इसे केवल उन चीजों का गहन ज्ञान होना चाहिए, जो सौंपे गए कार्य के लिए आवश्यक हैं।” उन्होंने कहा कि आज अधिकांश एआई प्रणालियां ऐसे कामों के लिए भी अत्यधिक बिजली और पानी खर्च करती हैं, जिन्हें छोटा और सुव्यवस्थित मॉडल आसानी से कर सकता है। भारत को उपयोगी, किफायती और टिकाऊ एआई की आवश्यकता है। उनके अनुसार, मितव्ययी इंजीनियरिंग भारत की ताकत रही है और इसी क्षमता के आधार पर जिम्मेदार एवं टिकाऊ एआई विकसित किया जा सकता है।
विदेशी एआई पर निर्भरता घटेगी, मजबूत होगी तकनीकी संप्रभुता
शोधकर्ताओं ने एआई संप्रभुता को भी इस ढांचे का महत्वपूर्ण आधार बनाया है। उनका कहना है कि किसी देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता का आकलन इस आधार पर नहीं होना चाहिए कि उसके पास कितने बड़े एआई मॉडल हैं। वास्तविक एआई संप्रभुता (दक्षता एवं विशेषज्ञता) तब होगी, जब देश अपनी जरूरत के अनुसार एआई प्रणालियों को डिजाइन, विकसित, संचालित, निरीक्षण, रखरखाव और अनुकूलित करने में सक्षम हो।
इसके साथ ही आईआईटी मद्रास के सेंटर फॉर रिस्पॉन्सिबल एआई और वधवानी स्कूल ऑफ डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रमुख प्रोफेसर बालारामन रविंद्रन कहते हैं, “भारत को अमेरिका और चीन के पूंजी-गहन एआई विकास मॉडल की नकल करने अथवा विदेशी एआई तकनीकों पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है। भारत अपनी मितव्ययी नवाचार क्षमता, इंजीनियरिंग कौशल और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के आधार पर अलग दृष्टिकोण विकसित कर रहा है।इसमें मॉड्यूलर और अंतरसंचालनीय एआई प्रणालियां विकसित करने पर जोर दिया गया है, जिन्हें देश के संस्थान अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप बदल और संचालित कर सकें। इससे विदेशी कंपनियों के महंगे सॉफ्टवेयर, कंप्यूटिंग संसाधनों और तकनीकी सेवाओं पर निर्भरता कम करने की संभावनाएं बनेंगी।”
सरकारी विभागों के लिए साझा एआई प्लेटफॉर्म का प्रस्ताव
श्वेत पत्र में सार्वजनिक निवेश की दिशा बदलने की भी सिफारिश की गई है। इसके अनुसार, केंद्र और राज्य सरकारों के विभाग, विश्वविद्यालय तथा सार्वजनिक संस्थान अलग-अलग महंगे एआई सिस्टम विकसित करने के बजाय साझा एआई अवसंरचना और सामान्य तकनीकी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें। ऐसी सार्वजनिक एआई व्यवस्था को ‘पब्लिक एआई रेल’ के रूप में विकसित किया जा सकता है।
दरअसल, इसका लाभ यह होगा कि प्रत्येक सरकारी विभाग को अलग से महंगे मॉडल और कंप्यूटिंग संसाधन तैयार करने की जरूरत कम होगी। एक साझा प्लेटफॉर्म के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, प्रशासन और अन्य सार्वजनिक सेवाओं में एआई का उपयोग बढ़ाया जा सकेगा। इससे तकनीक की पहुंच बड़े संस्थानों से आगे छोटे शहरों, स्थानीय प्रशासन और सार्वजनिक संस्थानों तक संभव हो सकती है।
भारतीय भाषाओं में विकसित हों स्थानीय जरूरतों के एआई मॉडल
भारत की भाषाई विविधता को देखते हुए श्वेत पत्र में बहुभाषी और स्थानीय भाषा आधारित एआई प्रणालियों को प्राथमिकता देने की सिफारिश की गई है। देश में करोड़ों लोग अपनी मातृभाषा और स्थानीय बोलियों में संवाद करते हैं। ऐसे में एआई की उपयोगिता तभी व्यापक होगी, जब वह हिंदी सहित भारतीय भाषाओं में प्रभावी ढंग से काम कर सके।
शोधकर्ताओं ने यह भी कहा है कि एआई प्रणालियों का परीक्षण वास्तविक भारतीय परिस्थितियों में होगा। इसमें इंटरनेट की उपलब्धता, सीमित बैंडविड्थ, मोबाइल उपकरणों की क्षमता, बिजली की उपलब्धता और संस्थागत संसाधनों की सीमाओं को ध्यान में रखना आवश्यक है। इसका उद्देश्य ऐसी तकनीक विकसित करना है, जिसका इस्तेमाल बड़े महानगरों के साथ छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी किया जा सके।
एआई के इस्तेमाल के लिए सात सूत्रीय कसौटी
श्वेत पत्र में एआई तैनाती के लिए सात सूत्रीय चेकलिस्ट भी दी गई है। इसके तहत सबसे पहले यह तय करना होगा कि संबंधित काम के लिए एआई की वास्तव में आवश्यकता है या सरल तकनीक से भी समाधान संभव है। दूसरा, बिजली, इंटरनेट, उपकरणों, पूंजी और संचालन लागत जैसी सीमाओं का पहले से आकलन किया जाए। तीसरा, सबसे छोटे पर्याप्त एआई मॉडल के चयन का तकनीकी आधार स्पष्ट किया जाए। वहीं चौथे चरण में भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप वास्तविक परीक्षण करने और पांचवें चरण में प्रशिक्षण से लेकर संचालन, रखरखाव तथा तकनीक को हटाने तक पूरे जीवनचक्र की लागत और संसाधन खपत मापने की सिफारिश की गई है।
इसके छठे चरण में जीपीयू, बैंडविड्थ, विक्रेता अनुबंध और पुनः प्रशिक्षण सहित स्वामित्व की कुल लागत का हिसाब रखने पर जोर है। सातवें चरण में उचित दस्तावेजीकरण, ऑडिट, मानवीय निगरानी और महत्वपूर्ण निर्णयों में वैकल्पिक मैनुअल व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई है। ज्ञात हो कि यह श्वेत पत्र आईआईटी मद्रास में आयोजित ‘इंडस्ट्री कॉन्क्लेव ऑन एआई गवर्नेंस 2026’ के दौरान संस्थान के निदेशक प्रोफेसर वी. कामाकोटी ने जारी किया। इसके लेखक प्रोफेसर बालारामन रविंद्रन, वेंकटराघवन केएस, डॉ. गोकुल एस. कृष्णन, प्रोफेसर बालाजी श्रीनिवासन और प्रोफेसर बालकृष्ण सी. राव हैं।
गौरतलब है कि आईआईटी मद्रास के शोधकर्ताओं का यह प्रस्ताव भारत के सामने एआई विकास का एक अलग मॉडल रखता है। इसमें तकनीकी श्रेष्ठता का पैमाना विशाल मॉडल या भारी निवेश के बजाय वास्तविक समस्याओं के समाधान, संसाधनों की बचत और व्यापक सामाजिक उपयोगिता को बनाया गया है। इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि सरकार, उद्योग, विश्वविद्यालय और अनुसंधान संस्थान इन सिफारिशों को अपनी नीतियों और कार्यप्रणाली में किस हद तक अपनाते हैं और आईआईटी मद्रास के वैज्ञानिकों का उपयोग अपने हित में कितना कर पाते हैं।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं)









