सत्य से साक्षात्कार-8।
प्रदीप सिंह।इंदिरा गांधी की हत्या 31 अक्टूबर 1984 को हुई और हत्या की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के जज एमपी ठक्कर की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग बनाया गया। चार साल बाद पांच खंडों में आयोग की रिपोर्ट आई,लेकिन सरकार ने केवल दो ही खंड सदन में रखे बाकी को नहीं रखा, जबकि उस समय इंदिरा के बेटे राजीव गांधी की ही सरकार थी। इसके अलावा हत्याकांड की जांच एसआईटी भी जांच कर रही थी।
ठक्कर आयोग की रिपोर्ट में कहा गया कि इस हत्याकांड में आर के धवन की या तो मिलीभगत थी या वह साझेदार थे। बेअंत और सतवंत सिंह की ड्यूटी बदल दी गई थी,उसे वापस धवन ने लगवाया। अपॉइंटमेंट डायरी में हेरफेर किया। उसके अलावा वह बचाने भी नहीं आए। बेअंत से अपनी नजदीकी के बारे में झूठ बोला। लेकिन एसआईटी ने अपनी जांच में आरके धवन को बरी कर दिया। यह बड़ी आश्चर्यजनक बात थी। एसआईटी की रिपोर्ट में 50 पन्ने ऐसे थे, जिसमें ठक्कर आयोग की रिपोर्ट का बिंदुवार जवाब दिया गया था। सरकार ने उसे भी संसद में रखने से मना कर दिया। ठक्कर आयोग ने यह भी कहा कि धवन ने इंदिरा गांधी की सुरक्षा से संबंधित टॉप सीक्रेट आईबी फाइल देने से मना कर दिया। आयोग ने शक जाहिर किया कि इसमें सीआईए का भी रोल हो सकता है। अब आप मामले की गंभीरता को समझिए। इतना सब होते हुए उस समय तो आरके धवन को सिस्टम से अलग कर दिया गया था, लेकिन बाद में वह राजीव गांधी के सिस्टम में फिर लौट आए। इसके अलावा सरकार का एक फैसला सबसे ज्यादा शक पैदा करता है। राजीव गांधी की सरकार एक अध्यादेश लेकर आई, जिसमें जांच आयोग अधिनियम में पिछली तारीख से संशोधन कर दिया गया और कहा गया कि देश की सुरक्षा, संप्रभुता, पड़ोसी देशों से संबंध और जनहित में सरकार जांच आयोगों की रिपोर्ट सदन में रखने से मना कर सकती है। सवाल यह है कि ठक्कर आयोग की रिपोर्ट के बाकी तीन खंडों में ऐसा क्या था, जिसे सरकार देश से छिपाना चाहती थी? इसके अलावा एसआईटी की रिपोर्ट के 50 पन्नों में क्या था, जिसे सरकार ने बताने की जरूरत नहीं समझी। आखिर देश की सिटिंग प्राइम मिनिस्टर की हत्या का मामला था। तो क्या हत्यारों को बचाने का प्रयास हुआ? क्या हत्या के बारे में सरकार को पता चल गया था कि किन लोगों ने करवाई है और उस मामले को दबाने की कोशिश की गई। क्या ठक्कर आयोग ने जो संकेत दिया था कि सीआईए की भी भूमिका हो सकती है तो अध्यादेश उसी के कारण लाया गया। ये सारे सवाल हैं, जिनका जवाब न तो मिला है, न कभी मिलेगा। आर के धवन और बाकी लोगों की क्या भूमिका थी, उसके बारे में भी किसी सवाल का कोई जवाब नहीं मिलेगा जब तक ठक्कर आयोग की पूरी रिपोर्ट और एसआईटी रिपोर्ट के 50 पेज सार्वजनिक नहीं होते। राजीव गांधी की सरकार ने तो उसे छिपाया ही उसके बाद की सरकारों ने भी उसको सार्वजनिक करने की जरूरत क्यों नहीं समझी? हमारे देश के ऐसे कई रहस्य हैं। प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की मौत भी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। उनका पार्थिव शरीर भारत लाए जाने बाद उसका पोस्टमार्टम नहीं हुआ, कोई जांच नहीं हुई। इस तरह डॉक्टर भाभा और विक्रम साराभाई की मौत हुई। इन मौतों की भी कभी कोई जांच नहीं हुई। यहां तक कि राजीव गांधी गांधी हत्याकांड के मामले में भी पूरा सच कभी सामने नहीं आया। ये हमारी जांच प्रणाली और हमारे पॉलिटिकल सिस्टम पर सवाल उठाते हैं कि क्या उसकी भी मिलीभगत रहती है? (05.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)










