सत्य से साक्षात्कार-7।
प्रदीप सिंह।एक कहावत है- याचक के मन और, दाता के मन और। तो 2002 में जो लोग राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति बनने वाले थे, नहीं बन पाए। यह भारतीय राजनीति की ऐसी कहानी है, जो इससे पहले कभी नहीं हुई। उस समय राष्ट्रपति बने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और उपराष्ट्रपति बने भैरव सिंह शेखावत, लेकिन ये दोनों ही उस समय की अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की पहली पसंद नहीं थे। पहली पसंद थे राष्ट्रपति के रूप में कृष्णकांत, जो उस समय उपराष्ट्रपति थे और उपराष्ट्रपति के रूप में फारूक अब्दुल्ला।
अटल जी फारूक अब्दुल्ला को उपराष्ट्रपति बनाना चाहते थे। उस समय हिंदू मुसलमान का इक्वेशन बिठाया जा रहा था। रॉ चीफ एएस दुलत के घर पर फारूक अब्दुल्ला को बुलाया गया। वहां प्रधानमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी बृजेश मिश्रा भी पहुंचे और फारूक अब्दुल्ला के सामने फॉर्मली प्रस्ताव रखा कि सरकार उन्हें उपराष्ट्रपति बनाना चाहती है। बात फाइनल हो गई। यह मानकर चला जा रहा था कि कृष्णकांत राष्ट्रपति होंगे। कृष्णकांत 1997 में, जब संयुक्त मोर्चा की सरकार थी, उपराष्ट्रपति बने थे। कृष्णकांत चंद्रशेखर, मोहन धारिया, रामधन की तरह कांग्रेस पार्टी के पुराने युवा तुर्क थे। कृष्णकांत और फारूक अब्दुल्ला के नामों पर अटल जी और सोनिया गांधी में सहमति बन चुकी थी। फिर कौन रोक सकता था? लेकिन लालकृष्ण आडवाणी अड़ गए। उन्होंने कहा कि कृष्णकांत राष्ट्रपति नहीं हो सकते। उनसे कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह वही सज्जन हैं, जिन्होंने मधुलिमये के साथ मिलकर जनता पार्टी में दोहरी सदस्यता का मुद्दा उठाकर जनता पार्टी को तोड़ा था। उस व्यक्ति को भारतीय जनता पार्टी की सरकार कैसे राष्ट्रपति बना सकती है? तो कृष्णकांत का मामला कट गया। फारूक अब्दुल्ला के बारे में अगर आप एएस दुलत की किताब पढ़ें तो आपको लगेगा कि कश्मीर में पोस्टिंग और रॉ चीफ बनने के बाद भी दुलत का मुख्य उद्देश्य भारत के हितों का ख्याल रखना नहीं, फारूक अब्दुल्ला के हितों का ख्याल रखना था। दुलत जब तक श्रीनगर में पोस्टेड थे, फारूक अब्दुल्ला के हम प्याला-हम निवाला थे। उन्होंने अपनी किताब में लिखा है कि फारूक अब्दुल्ला चाहते थे कि एक दिन वह देश के राष्ट्रपति बनें। और फारूक अब्दुल्ला कैसे व्यक्ति हैं, यह आप सभी जानते हैं। पाकिस्तान से बातचीत करने को लेकर जिन 61 लोगों ने सरकार को चिट्ठी लिखी है, उनमें फारूक अब्दुल्ला और एएस दुलत भी शामिल हैं। लेकिन अभी हम पुरानी बात कर रहे हैं। फारूक अब्दुल्ला 1974 में पाकिस्तान गए और वहां जुल्फिकार अली भुट्टो से मिले। दुलत ने अपनी किताब में लिखा है कि भुट्टो ने फारूक अब्दुल्ला से कहा कि अब हम कश्मीर के मामले में मदद करने की स्थिति में नहीं हैं। पाकिस्तान 71 का युद्ध हार चुका था। भुट्टो ने फारूक अब्दुल्ला को सलाह दी कि उनके पिता शेख अब्दुल्ला भारत सरकार से समझौता कर लें। इसके बाद 1975 में शेख अब्दुल्ला ने भारत सरकार से समझौता कर लिया। तो अगर आप सोचते हों कि शेख अब्दुल्ला ने समझौता भारत या कश्मीर के हित में किया तो आप गलतफहमी में हैं। पाकिस्तान जब कमजोर पड़ गया तब इन्होंने समझौता किया। अगर पाकिस्तान युद्ध न हारा होता तो यह समझौता भी न होता। ऐसे व्यक्ति को उपराष्ट्रपति या राष्ट्रपति बनाने के बारे में आखिर कैसे सोचा जा सकता है?
अब ये महज इत्तेफाक है कि 25 जुलाई को एपीजे अब्दुल कलाम राष्ट्रपति बने और दो दिन बाद 27 जुलाई को कृष्णकांत का हार्ट अटैक से निधन हो गया। बहुत से लोग कहते हैं कि उनको बड़ा सदमा लगा था। बहुत से लोग तो उन्हें राष्ट्रपति बनने की बधाई तक दे चुके थे। लेकिन कृष्णकांत से ज्यादा बड़ा मुद्दा फारूक अब्दुल्ला को उपराष्ट्रपति बनाने का है। एक व्यक्ति जिसकी निष्ठा भारत के साथ न होकर पाकिस्तान के साथ है,उसे उप राष्ट्रपति बनाने के बारे में कैसे सोचा गया। और एएस दुलत को सुनिए। वह कहते हैं कि शेख अब्दुल्ला और फारूक अब्दुल्ला दोनों को दिल्ली ने धोखा दिया। तो अब आप समझ लीजिए कि यह आदमी किसके लिए काम करता है। (04.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)