सत्य से साक्षात्कार-4।

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का मानना था कि गांधी-नेहरू परिवार को इस देश पर राज करने का दैवीय अधिकार है। यह मैं नहीं कह रहा हूं। यह नयनतारा सहगल ने लिखा है। नयनतारा सहगल जवाहरलाल नेहरू की बहन विजय लक्ष्मी पंडित की बेटी हैं। नयनतारा 2015 में अवार्ड वापसी गैंग की सदस्य थीं।

उन्होंने लिखा है कि 1969 से ही परिवार का मिथक तैयार करने की कोशिशें होने लगीं। राहुल गांधी के इर्द-गिर्द विशेषाधिकार का वातावरण बना दिया गया। दून स्कूल से सत्र के बीच में ही वह अपने माता-पिता और दादी के साथ विदेश यात्राओं पर चले जाते थे। कोई रोकने-पूछने वाला नहीं था। राजीव गांधी को कैंब्रिज भेजा गया। एक साल बाद ही वहां से कह दिया गया कि ये यहां नहीं चल सकते,कहीं और इंतजाम कर लीजिए। कैंब्रिज में नेहरू चेयर स्थापित की गई। उसके लिए भारत सरकार ने पैसा दिया। वहां प्रोफेसरशिप के चयन के लिए इंग्लैंड की ओर से एकेडमिक वर्ल्ड के जाने-माने लोग हैं। लेकिन भारत की ओर से कौन होता था? दो सदस्य राजीव गांधी और स्वराजपाल, जो परिवार के वफादार थे। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि क्या कुछ चल रहा था। इसके अलावा कमला नेहरू, जो इंदिरा गांधी की मां और जवाहरलाल नेहरू की पत्नी थी, का 84वां जन्मदिन पहली बार मनाया गया। उनकी मृत्यु 1936 में हो गई थी। जब तक जवाहरलाल नेहरू जीवित थे, उनका जन्मदिन कभी नहीं मनाया गया। संजय गांधी की मृत्यु के बाद पहली बार मनाया गया। नयनतारा सहगल कहती हैं कि 1969 में पार्टी में स्प्लिट हुई। उसके बाद 1977 में कांग्रेस चुनाव हार गई। 1980 में कांग्रेस के चुनाव जीतने के बाद संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मौत हो गई। इन घटनाओं ने इंदिरा गांधी को हिला दिया। उनको लगा कि अब समय नहीं है। वंशवाद को जनतांत्रिक जामा पहनाने की जरूरत है। तो कहा गया कि नेहरू जी के बारे में फिल्में बनाओ, लेख और किताबें लिखवाओ। परिवार की अपरिहार्यता स्थापित करने का प्रयास होने लगा। नयनतारा सहगल लिखती हैं कि जो प्रदेश अध्यक्ष थे, उनसे वफादारी की मांग होने लगी और इसके बदले में उनको हर तरह की गड़बड़ और भ्रष्टाचार करने की छूट दी गई। इस तरह से एक मिथक तैयार करने की कोशिश हुई कि इस परिवार के बिना यह देश नहीं चल सकता और इसकी कोशिश लगातार जारी रही। इंदिरा गांधी को लग रहा था कि किसी भी समय कुछ भी हो सकता है। 1981-82 में राजीव गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए तैयार किया जा रहा था। ऐसे समय में जरूरी था कि संदेश जाए कि यह परिवार इस देश के लिए अपरिहार्य है। वंशवाद की वैसे तो शुरुआत मोतीलाल नेहरू ने की। उसको आगे जवाहरलाल नेहरू ने बढ़ाया और फिर इंदिरा गांधी ने उसको पूरी तरह से स्थापित किया और आज भी यह चल रहा है। आज भी चाहे सोनिया गांधी हों, राहुल गांधी हों, प्रियंका वाड्रा हों, सबका मानना है कि हम पैदा ही इस देश पर राज करने के लिए हुए हैं। तो इस परिवार ने वंशवाद की जो विष बेल बोई, वह पूरे देश में फैल गई है। उसका नतीजा आप देख रहे हैं, लेकिन वह विष बेल अब सूखने लगी है। कब यह विष बेल पूरी तरह से सूख कर जड़ से खत्म होगी, इसका इंतजार करना होगा। (01.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)