सत्य से साक्षात्कार-6।
प्रदीप सिंह।1971 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुआ युद्ध भारत जीता और पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए, लेकिन यह युद्ध केवल भारत और पाकिस्तान के बीच में नहीं था। यह युद्ध एक तरह से अमेरिका और सोवियत संघ के बीच में था और अमेरिका पाकिस्तान के साथ था। वह पाकिस्तान को जीतता हुआ देखना चाहता था।
यह युद्ध जब शुरू हुआ तो अमेरिका ने भारत को धमकी दी कि युद्ध रोक दो। भारत ने मना कर दिया। उसके बाद अमेरिका के तत्कालीन विदेश मंत्री हेनरी किसिंजर ने राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन से कहा कि हमें अपना सातवां बेड़ा भेजना चाहिए। इसके बारे में आप समझ लीजिए कि यह 75,000 टन का जहाज है और इस पर 70 फाइटर जेट रहते हैं। इससे इसकी मारक क्षमता का आप अंदाजा लगा सकते हैं। निक्सन की मंजूरी के बाद सातवां बेड़ा बंगाल की खाड़ी की ओर रवाना हो गया। इस बीच सोवियत संघ ने भारत सरकार को खबर दी कि सातवां बेड़ा ही नहीं ब्रिटेन की नेवी भी रवाना हो चुकी है। उनकी योजना थी कि अमेरिका भारत पर वेस्ट कोस्ट और ब्रिटिश नेवी चिटगांव की ओर से हमला करेगी। ये भारत के लिए बहुत बड़ा खतरा था। भारत ने सोवियत संघ को एसओएस भेजा। इसके बाद सोवियत संघ ने भारत की मदद के लिए अपने 16 नेवल शिप्स और परमाणु पनडुब्बियां रवाना कर दीं। तब भारत और सोवियत संघ की रक्षा मैत्री हो चुकी थी कि एक दूसरे पर हमला होगा तो मदद करेंगे। लेकिन बात सिर्फ मदद की नहीं थी। बात टाइमिंग की थी। सोवियत संघ से भारत को भेजी गई मदद की खबर सातवें बेड़े के कमांडर एडमिरल गॉर्डन को मिली तो उन्होंने अमेरिका संदेश भेजा कि सोवियत संघ ने नेवल शिप्स और परमाणु पनडुब्बियां भेज दी हैं और वे भारत की सीमा के पास पहुंच गई हैं। हम लेट हो गए हैं। अब इसके बाद अगर अमेरिका और ब्रिटेन हमला करते तो इसका मतलब है कि ये युद्ध केवल भारत व पाकिस्तान के बीच में नहीं रहता। ये युद्ध अमेरिका-ब्रिटेन और सोवियत संघ के बीच भी हो जाता। अमेरिका को समझ में आ गया कि अब कुछ नहीं कर सकते। तो सातवें बेड़े को वापस लौटने के लिए कहा गया। ब्रिटेन की नेवी भी लौट गई और भारत को ढाका पर कब्जा करने का समय मिल गया। ढाका पर कब्जा करने के बाद भारत ने युद्धविराम की घोषणा कर दी। लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हो गई। यह तो पूरे नाटक का एक अंक था। दूसरा अंक अभी तक चल रहा है। अमेरिका उस हार को अभी तक भूल नहीं पाया है और इसीलिए वह बार-बार युद्ध में पाकिस्तान का साथ देता है। उसने कभी भारत का साथ नहीं दिया है। अब आप देखिए 1971 के युद्ध में अमेरिका भारत पर सीधे तो हमला कर नहीं सकता था तो उसने बच्चों जैसा बहाना बनाया। अमेरिका ने कहा कि वह सातवां बेड़ा इसलिए भेज रहा है ताकि पूर्वी पाकिस्तान में फंसे अमेरिकी नागरिकों को निकाल सके। आपने कभी सुना है कि कोई देश एयरक्राफ्ट कैरियर अपने नागरिकों को बचाने के लिए उस देश भेजे जो उसका दोस्त हो। पाकिस्तान अमेरिका का दोस्त था, लेकिन पूरी दुनिया को पता था कि अमेरिका यह क्यों कर रहा है। सोवियत संघ से भेजी गई मदद अगर सातवें बेड़े और ब्रिटिश नेवी के पहुंचने के बाद पहुंचती तो उसका कोई मतलब नहीं रहता। उसका नतीजा यह होता कि भारत का पूरा नक्शा और उस युद्ध का परिणाम बदल जाता। तो समय पर मदद और संकट में मित्र के साथ होने का क्या महत्व है, इस बात से समझिए। चूंकि अमेरिका आज तक उस घाव को भूला नहीं है इसलिए बार-बार कह रहा हूं कि अमेरिका हमारा दोस्त तो कभी हो नहीं सकता। इसके ठीक विपरीत सोवियत संघ हर संकट के समय हमारे साथ रहा है। आप विडंबना देखिए कि उस समय दो डेमोक्रेसी अमेरिका और ब्रिटेन दुनिया के सबसे बड़े डेमोक्रेटिक देश भारत को धमकी दे रहे थे। दुनिया इसी तरह से चलती है। (03.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)








