मां को कंधा देने पर ‘परंपरा का ज्ञान’ बांटने वालों कुछ तो शर्म करो ।

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता जी का स्वर्गवास 20 नवंबर को हो गया। 91 वर्ष की उम्र में उन्होंने शरीर त्याग दिया। मां के अंतिम दर्शनों के लिए योगी जी अपने मूल निवास पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव पहुंचे और पूरी रात मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। सुबह हरिद्वार में अंतिम संस्कार की क्रिया हुई। मां के अंतिम संस्कार के समय योगी जी भाव विह्वल होकर रो रहे थे। यह एक पुत्र की अपनी मां के प्रति स्वाभाविक श्रद्धांजलि है, लेकिन कुछ लोगों को इसमें भी कुछ समस्या नजर आई।
योगी जी ने मां के नाम एक पत्र लिखा है। उसमें उन्होंने अपने संन्यास के बाद की एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संन्यास लेने के तीन साल बाद वह मां से भिक्षा लेने के लिए अपने पैतृक निवास पहुंचे। संन्यासियों में परंपरा है कि मां से भिक्षा लेने जाना पड़ता है। उन्होंने दरवाजा खटखटाया। मां ने दरवाजा खोला और योगी जी ने भिक्षा मांगी। मां यह देखकर हतप्रभ हो गईं। उन्होंने कहा कि घर में क्या कमी थी कि संन्यासी हो गए। योगी जी ने कहा, संन्यास मेरा धर्म है और योगी की भूख भिक्षा से ही मिटती है। अब आप देखिए कि मां बेटे का यह संवाद कोई सामान्य संवाद नहीं है। कोई भी मां अपने बच्चे को संन्यासी के रूप में नहीं देखना चाहती, लेकिन योगी जी की मां ने उनके संन्यासी जीवन का सम्मान किया और भिक्षा दी। उस समय पूरा परिवार खड़ा होकर रो रहा था। जीवन के ये ऐसे क्षण हैं, जिनके बारे में बात करते हुए किसी की भी आंखों में आंसू आ सकते हैं। योगी जी ने अपने पत्र में लिखा है कि कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी नहीं चुकाए जा सकते, लेकिन कर्तव्य निभाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति के प्रति वह उसी कर्तव्य को निभाने का वह प्रयास कर रहे हैं। इस एक घटना ने योगी जी के एक नए व्यक्तित्व को पूरे देश और दुनिया के सामने रख दिया। एक बेटा जो न केवल धर्मनिष्ठ और बहुत ही सख्त शासक है, लेकिन संवेदनशीलता के स्तर पर भी वह उतने ही ऊपर खड़े हैं। यह सबके बस की बात नहीं है। योगी जी का वह रोना मुझे नहीं लगता देश में जिसने भी देखा होगा, वह रोया नहीं होगा क्योंकि जब हृदय से उद्गार निकलते हैं तो उनका प्रभाव बहुत दूर और देर तक रहता है। योगी जी के स्वभाव का यह हिस्सा बहुत कम देखने को मिलता है। आमतौर पर वह अपनी भावना इस तरह से व्यक्त नहीं करते। उनकी छवि कम से कम पिछले 10 सालों में एक ऐसे सख्त प्रशासक की बनी है, जो अपराध और अपराधियों से कोई समझौता नहीं करता। जो प्रदेश का सर्वांगीण विकास और समाज के हर वर्ग के उन्नयन के लिए काम कर रहा है। यह सब उनका राजनीतिक और प्रशासनिक दायित्व है, लेकिन इसमें अगर संवेदनशीलता नहीं हो तो उसमें वह बात नहीं आती जो योगी जी के काम में दिखाई देती है। तो बहुत से लोगों को लगा कि उन्होंने संन्यास ले लिया फिर घर क्यों गए? मां के अंतिम संस्कार में भाग क्यों लिया? ऐसे लोगों को मालूम नहीं है कि सनातन की ताकत क्या है? और उससे ज्यादा उनको नहीं मालूम है कि मां के वात्सल्य की शक्ति क्या है?
भारत के चारों कोनों को जोड़ने वाले आदि शंकराचार्य विरक्त संन्यासियों के सबसे पूज्य व्यक्तित्व हैं। उनकी मां का जब निधन हुआ और उनके अंतिम संस्कार के लिए वह केरल गए तो समाज के एक वर्ग ने इसका बड़ा विरोध किया, लेकिन शंकराचार्य पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि मां से बड़ा स्थान किसी का नहीं है। योगी जी ने भी यही बात कही। मां केवल जननी नहीं, जगत जननी है। ईश्वर की जननी भी वही है। शंकराचार्य ने पुत्र होने का जो कर्तव्य था, उसका निर्वहन किया। उन्होंने यह नहीं माना कि यह उनके संन्यासी जीवन का कोई निषेध है। इसी तरह स्वामी विवेकानंद से बड़ा संत कौन हुआ? जब उनकी मां बीमार हुईं तो वह उनकी सेवा के लिए घर गए। कुछ समय बाद जब स्वामी विवेकानंद खुद बीमार पड़े तो उनकी मां उनके पास आईं और कहा, बेटा जब तुम्हारा जन्म हुआ था तब मैंने मनौती मानी थी कि मां काली के मंदिर में पूजा करवाऊंगी और वहां तुम गीले वस्त्रों में भूमि पर मिट्टी में तीन बार लोटपोट करोगे। मैं वह भूल गई थी इसीलिए तुम बीमार पड़ गए। वह करना जरूरी है। स्वामी विवेकानंद सब समझ रहे थे, लेकिन मां के आग्रह को टाल नहीं पाए। स्वामी विवेकानंद पूजा में गए और गीले कपड़ों में मिट्टी में तीन बार लोटे और फिर आ गए। कुछ दिन बाद उनका निधन हो गया। तो हमारे देश में जो भी बड़े-बड़े संत महात्मा हुए हैं, उन सबने एक बात कही है कि संन्यासी का जीवन और धर्म महत्वपूर्ण है, लेकिन मां का संबंध सबसे महत्वपूर्ण है। उससे बड़ा कोई रिश्ता नहीं है। योगी जी ने वही किया जो हमारे पूर्व संतों ने किया है। इसमें संत परंपरा का कोई उल्लंघन नहीं है। बल्कि उन्होंने संत परंपरा को सम्मानित किया है। संत समाज से अलग नहीं है, यह बताया है। तो इस घटना की आलोचना वही कर सकते हैं जो न तो संत परंपरा को समझते हैं, न सनातन धर्म को, न मातृ ऋण को और न ही मां के महत्व को। योगी जी के इस नए स्वरूप ने बताया कि उनके अंदर एक बहुत ही संवेदनशील व्यक्ति है। राजा मतलब जनतंत्र में शासक वही अच्छा होता है, जो संवेदनशील हो। संवेदनहीन व्यक्ति कभी अच्छा प्रशासक नहीं हो सकता। देश के लोगों को योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वह केवल अच्छे प्रशासक ही नहीं संवेदनशील व्यक्ति भी है। संबंधों के महत्व को समझते हैं। उन्होंने साबित किया कि वह कोई भगवान नहीं हैं। वह मनुष्य हैं और मनुष्यगत जो भी संवेदनाएं होती हैं, वह सब उनमें हैं। इसलिए जो लोग भी इस मुद्दे पर योगी आदित्यनाथ की आलोचना कर रहे हैं, उन्हें थोड़ी तो शर्म आनी चाहिए।
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)